विश्व हिंदी परिषद शैक्षणिक प्रकोष्ठ रायगढ़ द्वारा हिंदी भाषा के प्रति जनजागरण अभियान एवं हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत कार्यक्रम संपन्न

Gupta Lochan
5 Min Read

रायगढ़। विश्व हिंदी परिषद, शैक्षणिक प्रकोष्ठ रायगढ़ द्वारा हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरण के उद्देश्य से विगत 2 अक्टूबर को स्वामी विवेकानंद हाई स्कूल, रेलवे बांग्ला, कोतरा रोड, रायगढ़ में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा नवमी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्री हर्ष सिंह, उपप्राचार्या श्रीमती प्रतिभा सिंह, विश्व हिंदी परिषद शैक्षणिक प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष डॉ. मनीषा अवस्थी, उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू अवस्थी एवं महामंत्री श्रीमती शांति महंत की उपस्थिति में मां सरस्वती एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्राचार्य हर्ष सिंह ठाकुर ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने हिंदी भाषा में पठन-पाठन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक शिक्षक को निरंतर अध्ययन करते रहना चाहिए, जिससे उसकी भाषा और ज्ञान दोनों परिष्कृत होते रहें। उन्होंने कहा कि हिंदी में निरंतर व्यापक स्तर पर साहित्य का सृजन हो रहा है तथा देश ही नहीं, विश्व के अनेक देशों में भी हिंदी भाषा को जानने और समझने वाले लोगों की संख्या निरंतर बढ़ रही है।
इसके पश्चात विश्व हिंदी परिषद शैक्षणिक प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू अवस्थी ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्राचीन काल से लेकर आज तक हिंदी का महत्व कभी भी कम नहीं हुआ है, बल्कि विभिन्न प्रांत को जोडऩे का काम हिंदी भाषा ने ही किया है, अगर उन्होंने हिंदी की गरिमा बनाए रखने का संकल्प दिलाते हुए उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य लोगों को हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हिंदी के व्यापक प्रचार प्रसार के लिए सभी से सक्रिय सहभागिता के लिए आह्वान किया किया
परिषद की महामंत्री श्रीमती शांति महंत ने हिंदी भाषा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए हिंदी विषय के विद्यार्थियों के लिए रोजगार के विभिन्न अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हिंदी के क्षेत्र में रोजगार के अनेक नए अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि हमें अन्य भाषाओं से किसी प्रकार की प्रतिस्पर्धा नहीं है, लेकिन हमें शुद्ध हिंदी बोलने और लिखने का निरंतर प्रयास करना चाहिए।
शैक्षणिक प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष डॉ. मनीषा अवस्थी ने विश्व हिंदी परिषद के मूलभूत उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को परिषद की सदस्यता के लिए जागरूक करते हुए सदस्य बनने पर मिलने वाली सुविधाओं एवं परिषद की गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हिंदी को प्रतिष्ठित करना एक बड़ी चुनौती है। देश के साथ-साथ विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में हिंदी का व्यापक प्रभाव होने के बावजूद इसे अभी तक राष्ट्रभाषा के रूप में संवैधानिक दर्जा प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदी परिषद का उद्देश्य देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी हिंदी भाषा के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना और अधिक से अधिक लोगों को हिंदी के प्रचार-प्रसार के अभियान से जोडऩा है। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती सुप्रिया दुबे एवं शिक्षक श्री दीपक कुमार पंडा ने भी हिंदी भाषा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपने विचार व्यक्त किए तथा भाषण प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उल्लेखनीय है कि विश्व हिंदी परिषद का गठन छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों में किया गया है, जिसका प्रमुख उद्देश्य हिंदी भाषा को व्यापक स्तर पर प्रतिष्ठित करना एवं उसके प्रचार-प्रसार के लिए जनजागरण अभियान चलाना है। छत्तीसगढ़ में परिषद के संरक्षक डॉ. विनय कुमार पाठक (पूर्व राजभाषा अध्यक्ष एवं कुलपति, थावे विद्यापीठ) तथा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संगीता सिंह बनाफर हैं। ज्ञात हो कि हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत देश-विदेश में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार, संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।साथ ही वर्ष में भी कई ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के लिए किए जाते हैं जिससे उनका रुझान  हिंदी भाषा के प्रति हो सके और उनकी जानकारी भी बढ़ सके।

Share This Article