शेयर मार्केट में पैसा दोगुना का झांसा देकर 70.77 लाख की ठगी, महिला आरोपी सक्ती से गिरफ्तार

शेयर मार्केट में पैसा दोगुना का झांसा देकर 70.77 लाख की ठगी, महिला आरोपी सक्ती से गिरफ्तार

Gupta Lochan
5 Min Read

रायगढ़। जिले में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को शेयर मार्केट में रकम निवेश कर कम समय में दोगुना करने का झांसा देकर 70 लाख 77 हजार 901 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला ने अपने पति और मां समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर महिलाओं से कैश और ऑनलाइन माध्यम से रकम ली।
शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने आरोपी महिला मेनका सारथी (37) को सक्ती से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया है। उसके पति अक्षय सारथी और मां मीरा सोनवानी की गिरफ्तारी अभी बाकी है। मामला ग्राम जतरी का है। शिकायतकर्ता हारा बाई निषाद (36) समेत अन्य महिलाओं ने पुलिस को बताया कि गांव की मेनका सारथी जब अपने मायके आती थी, तब वह बताती थी कि वह और उसका पति शेयर मार्केट में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं। आरोप है कि मेनका ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उसके बताए तरीके से शेयर मार्केट में पैसा लगाने पर कम समय में रकम दोगुनी हो जाएगी। उसने यह भी कहा कि अगर रकम दोगुनी नहीं हुई तो वह और उसका पति अपनी गारंटी पर दोगुनी रकम लौटाएंगे। इस भरोसे में आकर महिलाओं ने 6 अप्रैल 2025 से 24 अक्टूबर 2025 के बीच कैश और ऑनलाइन माध्यम से रकम दी। शुरुआत में कुछ महिलाओं को मुनाफे की रकम लौटाकर विश्वास कायम किया गया। इसके बाद लंबे समय तक न मुनाफा मिला और न मूल रकम वापस की गई।

11 महिलाओं से लाखों रुपए लिए

शिकायत के मुताबिक, हारा बाई निषाद से 17.53 लाख, अनिता निषाद से 17.24 लाख, पुष्पा सिदार से 9 लाख, विष्णु प्रिया निषाद से 7.50 लाख, दुजकुंवर यादव से 5 लाख, मुन्नी बाई सारथी से 3.40 लाख, मोहनमती सिदार से 3.30 लाख, आरती सिदार और फुलबाई यादव से 3-3 लाख, सुशीला निषाद से 1.80 लाख समेत अन्य महिलाओं से भी रकम ली गई।

रकम मांगी तो जेल भेजने की धमकी का आरोप

महिलाओं ने जब अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की तो उन्हें पता चला कि पैसा शेयर मार्केट में निवेश करने के बजाय निजी उपयोग में लिया गया है। शिकायत के मुताबिक, रकम लौटाने से इनकार किया गया और शिकायत करने पर उल्टा जेल भिजवाने की धमकी भी दी गई। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि कुछ महिलाओं ने दूसरे बैंकों से लोन लेकर आरोपी को रकम दी थी। अब वे खुद उन लोन की किस्तें चुका रही हैं।

तीन बैंक खातों में मिले लाखों के ट्रांजेक्शन

साइबर पुलिस ने पीडि़त महिलाओं और आरोपियों के बैंक खातों की जानकारी जुटाई। जांच में आरोपी महिला के तीन अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपए के लेनदेन का पता चला। बैंक ट्रांजेक्शन, पीडि़तों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सक्ती के ग्राम बरतुंगा में दबिश देकर मेनका सारथी को पकड़ा। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, मेनका ने एक पुरुष मित्र के साथ मिलकर शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लोगों से रकम लेने की योजना बनाई थी। बाद में उसने अपने पति अक्षय सारथी और मां मीरा सोनवानी को भी इसमें शामिल किया।

पति और मां की गिरफ्तारी बाकी

पुलिस के मुताबिक, अक्षय महिलाओं को शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा मिलने का लालच देने के साथ लेनदेन की जानकारी रखता था। वहीं मीरा सोनवानी महिलाओं को निवेश के लिए प्रेरित करने और रकम लेने में सहयोग करती थी। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि महिलाओं से मिली रकम को अलग-अलग लोगों के बीच रोटेशन में चलाया जा रहा था। कुछ समय तक मुनाफा और मूलधन लौटाया गया, लेकिन बाद में रकम लौटाना बंद कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लेनदेन में इस्तेमाल मोबाइल, तीन बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। मामले में पति अक्षय सारथी और मां मीरा सोनवानी की तलाश जारी है।

Share This Article