खरसिया। धार्मिक नगरी खरसिया नगर इन दिनों राम नाम की अलौकिक धारा में सराबोर है। सियाराम सखा मंडल द्वारा आयोजित अखंड श्रीराम सप्ताह के चौथे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धा, विश्वास और सनातन परंपराओं का ऐसा विहंगम दृश्य देखने को मिला, जिसने हर श्रद्धालु का हृदय आनंद और भक्ति से भर दिया। इस आयोजन का सबसे भव्य और मनमोहक आकर्षण बने नगर के छोटे-छोटे बच्चे, जिनकी निश्छल भक्ति ने पूरे वातावरण को राममय बना दिया। मासूम आवाज़ों में गूंजा हनुमान चालीसा, ‘सीता-राम’ के जयकारों से महका परिसर ?कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों बच्चों और युवाओं ने एक स्वर में सामूहिक श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया।
हनुमान चालीसा पाठ से गुंजा परिसर, एसएसपी ने बच्चों के संस्कारों की मुक्तकंठ से की प्रशंसा
जब नन्हें-मुन्ने बच्चों ने हाथ जोडक़र पूरी निष्ठा के साथ भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं और -सीता-सीता, राम-राम’ का जाप करते हुए मंदिर की परिक्रमा (फेरी) लगाई, तो उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं की आंखें खुशी और भक्तिभाव से छलक उठीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्य ने भारतीय संस्कृति और आस्था के जीवंत दर्शन कराए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने झुकाया शीश, कैप्टन स्मित मछार के प्रसंग का किया उल्लेख कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह का आयोजकों और नन्हें बाल-कलाकारों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।
बच्चों की भक्ति देख भावविभोर हुए एसएसपी ने अपने संबोधन में कहा
मैं उन सभी माता-पिता को कोटि-कोटि नमन करता हूं, जिन्होंने अपनी भावी पीढ़ी को सनातन धर्म, नैतिक मूल्यों और अपनी मूल संस्कृति से जोड़ा है। आज के इस दौर में बच्चों और युवाओं के भीतर इस स्तर की भक्ति और संस्कार देखना एक अद्भुत, असीम और अलौकिक अनुभव है।
उन्होंने हनुमान चालीसा की असीम शक्ति, आस्था और उसके तार्किक प्रभावों को रेखांकित करते हुए प्रसिद्ध कैप्टन स्मिथ के ऐतिहासिक प्रसंग का भी उल्लेख किया। इसके साथ ही उन्होंने आयोजक मनोज गोयल, अंकित अग्रवाल एवं सियाराम सखा मंडल के समर्पित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि वे न केवल धर्म की ज्योति जला रहे हैं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी अपनी महती भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन समिति ने बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए एक सराहनीय और अनुकरणीय पहल की है। आगामी 8 अक्टूबर को राम सप्ताह के भव्य समापन समारोह में बच्चे भगवान के विभिन्न स्वरूपों की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत करेंगे। समिति ने निर्णय लिया है कि प्रतियोगिता में प्रथम या द्वितीय का कोई वर्गीकरण न रखते हुए, प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को समान रूप से पुरस्कृत किया जाएगा, ताकि हर बच्चे का मनोबल बढ़े और उनमें धर्म के प्रति प्रेम बना रहे।
मेले जैसा उमंग भरा माहौल और चाक-चौबंद सुरक्षा
हजारों की संख्या में उमड़ी श्रद्धालुओं और परिवारों की भीड़ के कारण मंदिर परिसर के आसपास उत्सव और मेले जैसा माहौल बन गया। बच्चों के लिए झूले, खिलौने और तरह-तरह के खाद्य स्टॉल लगाए गए थे। शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएसपी एसडीओपी सतीश भार्गव एवं सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में खरसिया पुलिस की टीम मुस्तैद रही, जिससे श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन का लाभ मिला। राम सप्ताह की इस भक्तिमय यात्रा के बीच जन-जागरूकता का एक बड़ा अभियान भी जुडऩे जा रहा है। जागरूकता कार्यक्रम 6 अक्टूबर को अग्रसेन चौक पर बिलासपुर संभाग के आईजी रामगोपाल गर्ग की गरिमामयी उपस्थिति में ‘सडक़ सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता’ कार्यक्रम आयोजित होगा। सराहनीय पहल – इसमें आमजनों को सडक़ सुरक्षा की शपथ दिलाई जाएगी, हेलमेट बांटे जाएंगे और खरसिया नगर के लिए डिजिटल स्टॉपर का लोकार्पण होगा। जागरूकता बाइक रैली इसके पश्चात अग्रसेन चौक से गंज बाजार स्थित हनुमान मंदिर तक भव्य जागरूकता बाइक रैली निकाली जाएगी, जिसका समापन मंदिर परिसर में पुन: धार्मिक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होगा।

