नवरात्रि से पूर्व माँ बंजारी मंदिर का जीर्णोद्धार नहीं हुआ तो फूटेगा जन आकोश!

जनभावनाएं आहत होने पर आंदोलन की चेतावनी!

Gupta Lochan
2 Min Read

धरमजयगढ़। सिसरिंगा मंदिर में सडक़ निर्माण के दौरान हुई भारी ब्लास्टिंग से क्षेत्र की आस्था के प्रमुख केंद्र माँ बंजारी देवी मंदिर परिसर के क्षतिग्रस्त होने के बाद अब स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का सब्र पूरी तरह टूट चुका है। प्रशासनिक और निर्माण एजेंसी की सुस्त चाल के खिलाफ अब उग्र आंदोलन की सुगबुगाहट तेज हो गई है, और चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते स्थिति नहीं सुधारी गई तो जनता सडक़ों पर उतरने को मजबूर होगी। वार्ड क्रमांक 08 के पार्षद जानू सिंह सिदार और स्थानीय नागरिकों ने निर्माण एजेंसी डीबीएल और प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि आगामी 10 अक्टूबर 2026 तक मंदिर परिसर का जीर्णोद्धार का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। तय समय सीमा के भीतर काम पूरा न होने की स्थिति में, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों ने लोकतांत्रिक अधिकारों का हवाला देते हुए शांतिपूर्ण आंदोलन और चक्काजाम जैसे बड़े जनआंदोलनात्मक कदम उठाने का ऐलान किया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी धरमजयगढ़ और राजस्व अनुविभागीय अधिकारी को औपचारिक आवेदन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है, ताकि किसी भी टकराव या विवाद की स्थिति को टाला जा सके। ज्ञापन के माध्यम से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि यदि नवरात्रि पर्व से पहले मंदिर का स्वरूप बहाल नहीं होता है और कोई अप्रिय स्थिति या जनआंदोलन होता है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित निर्माण एजेंसी और प्रशासन की होगी। सिर पर नवरात्रि का पावन पर्व है और हजारों भक्तों की आस्था दांव पर लगी हुई है। ऐसे में यदि प्रशासन ने जल्द ही प्रभावी कदम नहीं उठाया, तो यह आक्रोशित जनभावना किसी भी वक्त एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकती है।

Share This Article