17 टन स्क्रैप के साथ दो माजदा वाहन चालक गिरफ्तार

पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम देलारी के पास की कार्रवाई

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़. पूंजीपथरा पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर ग्राम देलारी स्थित रायगढ़ इस्पात प्लांट के पास अवैध स्क्रैप परिवहन करते दो माजदा वाहन पकड़ा है, जिसमें से करीब 17.900 टन स्क्रैप पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 6.26 लाख रुपए बताई गई है। इस कार्रवाई में स्क्रैप के साथ परिवहन में प्रयुक्त दोनों माजदा वाहन भी जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पूंजीपथरा थाना प्रभारी को शुक्रवार को मुखबीर से सूचना मिली थी कि दो माजदा वाहन से स्क्रैप का अवैध परिवहन किया जा रहा है। इससे थाना प्रभारी ने टीम गठित कर तत्काल ग्राम देलारी स्थित रायगढ़ इस्पात के पास घेराबंदी के लिए तैनात कर दिया। इस दौरान वाहनों की जांच के दौरान दो माजदा वाहनों को रोक कर जंांच करते हुए वाहन चालक लालमणी गणतिया के वाहन से लगभग 09 टन 690 किलो स्क्रैप बरामद हुआ, जिसमें विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन पार्ट्स शामिल थे। इसकी कीमत करीब 3,39,150 रुपए आंकी गई है। इसी तरह, दूसरा माजदा वाहन के चालक मो. अपरार के वाहन से करीब 08 टन 210 किलो स्क्रैप जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 2,87,350 रुपए है। इस कार्रवाई में कुल 17 टन 900 किलो कबाड़, कीमत करीब 6,26,500, परिवहन में प्रयुक्त दोनों माजदा वाहन, अनुमानित कीमत करीब 20 लाख, सहित कुल करीब 26,26,500 की संपत्ति जब्त की गई। वहीं पुलिस पूछताछ में दोनों चालक स्क्रैप के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इससे दोनों वाहन चालकों के विरुद्ध धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस/303(2) बीएनएस में वैधानिक कार्रवाई की गई है।

Share This Article