रायपुर। कर्ज और बिजली बिल चुकाने के लिए 2 लडक़ों ने ज्वेलरी शॉप में घुसकर की चोरी। आरोपी दीवार में छेद कर श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स शॉप के अंदर घुसे और करीब 14 लाख का सोना-चांदी चुराकर ले गए। घटना का सीसीटीवी सामने आया है। चोरों ने शॉप के अंदर आराम से बैठकर सामान चुराया। इस दौरान वे चोरी का सामान बोरी में भरते दिखे। मामला गुढिय़ारी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी विशाल सचदेव ने बर्फ की फैक्ट्री शुरू करने के लिए लाखों का कर्ज लिया था। फैक्ट्री नहीं चलने से वह आर्थिक परेशानी में आ गया था। इसके अलावा फैक्ट्री का 7 लाख रुपए बिजली बिल भी बकाया था। इसे चुकाने के लिए उसने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की।
दरअसल, कर्मा चौक मेन रोड स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स शॉप है। संचालक सुनील जैन ने पुलिस को बताया कि वह 29 सितंबर की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 30 सितंबर को सुबह 11 बजे दुकान खोलने पहुंचे। अंदर जाने पर राइट साइड की दीवार की प्लाई गिरी हुई थी। फर्नीचर बिखरा था और दीवार में बड़ा छेद था। डिस्प्ले में रखी सोने-चांदी की ज्वेलरी भी गायब थी। इसके बाद उन्होंने गुढिय़ारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुलिस चौकी रामनगर की संयुक्त टीम बनाई गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों से जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, विशाल इस पूरी वारदात का मुख्य आरोपी है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का पूरा माल बरामद किया। इसमें 50 हजार रुपए कीमत के सोने की ज्वेलरी करीब 3.5 किलो चांदी के आभूषण जिनकी कीमत 7 लाख 91 हजार 700 रुपए है और 10 हजार रुपए के आर्टिफिशियल ज्वेलरी शामिल हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल स्वीफ्ट कार (सीजी-04 एमटी-8303) और बिना नंबर की एक्टिवा भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, जब्त सामान की कुल कीमत करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपए है। पुलिस के मुताबिक, चोरी की वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ गुढिय़ारी थाने में अपराध क्रमांक 430/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फैक्ट्री का कर्ज चुकाने ज्वेलरी शॉप में चोरी
14 लाख का सोना-चांदी में भर कर हुए थे फरार, 2 आरोपी गिरफ्तार

