सेवा को उत्सव नहीं, जरूरतमंदों तक पहुंचाने का माध्यम बनाया-वित्त मंत्री चौधरी

पुसौर में विशाल नेत्र जांच शिविर में 3493 लोगों की हुई जांच, 3165 जरूरतमंदों को नि:शुल्क चश्मे, 800 लोगों को दवाएं वितरित

Gupta Lochan
4 Min Read

रायगढ़। सेवा को जनभागीदारी से जोड़ते हुए ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत पुसौर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को नि:शुल्क विशाल नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। सुबह से जिले के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग नेत्र जांच के लिए पहुंचे। शिविर में 3493 लोगों की नेत्र जांच की गई तथा जांच के बाद 3165 लोगों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए। वहीं करीब 800 लोगों को नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में लोगों की सुविधा के लिए 14 पंजीयन काउंटर बनाए गए थे। पुरुष एवं महिलाओं के लिए पृथक पंजीयन की व्यवस्था रही। 10 से अधिक नेत्र विशेषज्ञों के साथ 38 नेत्र सहायकों ने जांच कार्य में सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम सुबह 9 बजे से लगातार सेवाओं में जुटी रही। एनएसएस एवं स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने वालंटियर के रूप में लोगों को पंजीयन, जांच और चश्मा वितरण तक पहुंचाने में सहयोग किया। शिविर में आने वाले लोगों के लिए छाया, पेयजल, भोजन एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी.चौधरी ने शिविर का अवलोकन किया और नेत्र जांच, चश्मा वितरण सहित उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आंखों की समय पर जांच बेहद जरूरी है। विशेषकर बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्या कई बार समय पर सामने नहीं आती, जिसका असर उनकी पढ़ाई पर पड़ सकता है। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें भी 12वीं कक्षा तक अपनी आंखों की कमजोरी का पता नहीं चला था। बाद में जांच कराने पर चश्मे की जरूरत सामने आई। उन्होंने कहा कि बीमारी के लक्षण सामने आने का इंतजार करने के बजाय समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की आदत विकसित करनी चाहिए। आंखों और दांतों की जांच के साथ शरीर के अन्य स्वास्थ्य परीक्षणों को लेकर भी जागरूकता जरूरी है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि गांवों में ऐसे शिविरों की जरूरत है, जहां लोगों को जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें। उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत आयोजन को केवल उत्सव तक सीमित रखने के बजाय सेवा के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने शिविर को सफल बनाने वाले चिकित्सकों, नेत्र सहायकों, स्वास्थ्य विभाग, एनएसएस, स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों और प्रशासनिक अमले के योगदान की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम में हितग्राहियों को अपने हाथों से चश्मा पहनाया और 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण किया। साथ ही सुबह से सेवा में जुटे चिकित्सकों को प्रशस्ति पत्र और शाल भेंटकर सम्मानित किया। वन विभाग की ओर से पीपल के पौधे भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मानी मोहित सतपथी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान, जिला पंचायत सदस्य बृजेश गुप्ता, श्रीमती लक्ष्मी जीवन पटेल, श्रीमती भाग्यवती डोलनारायण, जैमिनी गुप्ता, नगर पंचायत उपाध्यक्ष उमेश साव एवं पार्षदगण, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, चिकित्सक, एनएसएस एवं स्काउट-गाइड व ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share This Article