8 भाजपा पार्षदों के सामूहिक इस्तीफा से मचा हडकंप, विकास कार्य नहीं होने का लगाया आरोप

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले के पुसौर नगर पंचायत में भाजपा के 8 पार्षदों के सामूहिक इस्तीफा देने की खबर है। बताया जा रहा है कि पार्षदों ने भाजपा जिलाध्यक्ष अरूणधर दिवान के नाम इस्तीफे का आवेदन दिया है। आवेदन में नगर पंचायत के कामकाज, विकास कार्यों की स्थिति समेत कई मुद्दों पर नाराजगी जताई गई है। हालांकि, भाजपा जिलाध्यक्ष ने अब तक इस्तीफे का आवेदन मिलने से इनकार किया है।
पार्षदों ने आवेदन में आरोप लगाया है कि प्रशासनिक कामकाज, शासकीय कर्मचारियों समेत नगर पंचायत अध्यक्ष के स्तर पर उन्हें परेशान किया जा रहा है। विकास कार्य नहीं होने से सभी पार्षद पीड़ा में हैं। उनका कहना है कि उनके वार्डों में जनसुविधा से जुड़े पानी, बिजली, सडक़, नाली समेत दूसरे विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। पार्षद निधि से जुड़े काम भी नहीं किए जा रहे हैं। दूसरे शासकीय विभागों में भी उनके काम नहीं होने का आरोप लगाया गया है। ऐसे में इन परिस्थितियों में निर्वाचित भाजपा के 8 पार्षद भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक रूप से त्यागपत्र देने की बात कही है।

इन पार्षदों ने दिया इस्तीफा

इस्तीफा आवेदन में वार्ड नंबर 6 से बलराम संवरा, वार्ड नंबर 14 से शौकीराम चौहान, वार्ड नंबर 11 से रूपेश कुमार साव, वार्ड नंबर 3 से मंजू पटेल, वार्ड नंबर 2 से फागुलाल प्रधान, वार्ड नंबर 1 से प्रदीप यादव, वरूण महाणा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष उमेश साव के नाम शामिल हैं।

अब तक मुझे कोई आवेदन नहीं मिला’

भाजपा जिलाध्यक्ष अरूणधर दिवान ने कहा कि पुसौर नगर पंचायत के 8 पार्षदों ने अभी तक उन्हें इस्तीफे का कोई आवेदन नहीं दिया है। सोशल मीडिया पर इस्तीफे की बात चल रही है। उन्होंने पार्षदों से बात करने के लिए उन्हें बुलाया है। अभी तक उनके पास कोई इस्तीफा नहीं पहुंचा है।

Share This Article