रायगढ़। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41वें चक्रधर समारोह-2026 की तीसरी शाम की शुरुआत नीलेश जोगी म्यूजिकल ग्रुप की संगीतमय प्रस्तुति से हुई। कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों के साथ लोकप्रिय बॉलीवुड गीत भी प्रस्तुत किए। नीलेश जोगी और उनके साथी कलाकारों ने अपनी गायकी और वाद्य यंत्रों से छत्तीसगढ़ी लोकधुनों की मिठास बिखेरी। लोकगीतों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को और खुशनुमा बना दिया। रामलीला मैदान में मौजूद दर्शक कलाकारों के गीतों पर तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन करते नजर आए।
स.क्र./125/चंद्राकर फोटो..19 से 24 तक
डॉ. दीपिका सरकार के भरतनाट्यम में दिखी शास्त्रीय परंपरा

रायगढ़। 41वें चक्रधर समारोह-2026 की सांस्कृतिक संध्या में रायगढ़ की भरतनाट्यम नृत्यांगना डॉ. दीपिका सरकार ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से शास्त्रीय नृत्य की सुंदरता को सामने रखा। दीपिका नृत्यालय की संस्थापक डॉ. दीपिका सरकार ने भरतनाट्यम की शास्त्रीय परंपरा के साथ भाव-भंगिमा, लय और ताल का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत ‘गणेश कौतुवम’ से हुई। इसमें भगवान श्रीगणेश की वंदना को भरतनाट्यम की मुद्राओं और भावों के साथ प्रस्तुत किया गया। इसके बाद ‘देवी स्तुति’ में आदिशक्ति के विभिन्न स्वरूपों और उनकी शक्ति को नृत्य के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया। अंतिम प्रस्तुति ‘स्वागतम् कृष्ण’ की रही। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप और उनकी लीलाओं को नृत्य एवं भावाभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। डॉ. दीपिका सरकार की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा।
कला साधना के लिए मिले अनेक सम्मान
डॉ. दीपिका सरकार ने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से वर्ष 2017 में भरतनाट्यम में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की है। कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें नृत्य शिरोमणि सम्मान, कटक महोत्सव-2023, शौर्य प्रवाह विभूति-सिंगापुर 2019, भारत संस्कृति सम्मान-दुर्ग 2018, प्रजोत्सव सम्मान-भिलाई 2018, चक्रधर समारोह-2012 एवं आजादी का अमृत महोत्सव-2022 सहित अनेक सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
देश-विदेश में प्रस्तुति दे चुके हैं शिष्य
डॉ. दीपिका सरकार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित अनेक शिष्यों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भरतनाट्यम की प्रस्तुतियां दी हैं। उनके शिष्य सिंगापुर, दुबई, वियतनाम और थाईलैंड सहित विभिन्न देशों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं। उनके प्रशिक्षण से रायगढ़ की भरतनाट्यम परंपरा को देश-विदेश में पहचान मिली है।
कथक के पारंपरिक रंगों में सजी जयात्रा दवे की प्रस्तुति

रायगढ़। 41वें अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह-2026 की सांस्कृतिक संध्या में इंदौर की युवा कथक नृत्यांगना जयात्रा दवे ने कथक की शानदार प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति में कथक की पारंपरिक शैली के साथ लय, ताल, भाव-भंगिमा और पद-संचालन का सुंदर मेल देखने को मिला। प्रस्तुति के बाद दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। जयात्रा दवे ने महज ढाई वर्ष की उम्र से नृत्य-साधना शुरू की थी। वे गुरु डॉ. रागिनी मक्कड़ के मार्गदर्शन में नादयोग गुरुकुल में कथक का प्रशिक्षण ले रही हैं। कम उम्र में ही उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत की है। जयात्रा दवे स्वीडन के माल्मो में आयोजित इंटरनेशनल म्यूजिक कॉन्फ्रेंस तथा 12वें चाइना इंटरनेशनल फोक आर्ट्स फेस्टिवल में प्रस्तुति दे चुकी हैं। वे दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स जैसे प्रतिष्ठित मंच से भी जुड़ी रही हैं। उनकी कला-साधना के लिए उन्हें विभिन्न पुरस्कार और सम्मान प्राप्त हुए हैं। चक्रधर समारोह के मंच पर जयात्रा दवे की प्रस्तुति ने कथक की पारंपरिक नृत्य शैली को दर्शकों के सामने सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया।
शहर की बेटी विभूति शर्मा ने कथक की भावपूर्ण प्रस्तुति से मोहा दर्शकों का मन


रायगढ़। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41वें चक्रधर समारोह-2026 की तीसरी शाम कथक नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति ने सांस्कृतिक संध्या को विशेष बना दिया। रायगढ़ की बेटी कथक नृत्यांगना विभूति शर्मा ने अपनी भावपूर्ण एवं लयबद्ध प्रस्तुति से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
विभूति शर्मा रायगढ़, छत्तीसगढ़ की निवासी एवं राष्ट्रीय स्तर की कथक नृत्यांगना हैं। वर्तमान में वे इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से कथक विषय में बी.ए. की शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। नृत्य के प्रति उनका लगाव बचपन से ही रहा है। उन्होंने चक्रधर संगीत महाविद्यालय, रायगढ़ से कथक में छह वर्षीय डिप्लोमा पूर्ण किया है। उनके लिए कथक केवल नृत्य शैली नहीं, बल्कि साधना, संस्कृति और अपनी पहचान से जुड़ा माध्यम है।
राष्ट्रीय स्तर पर हासिल कर चुकी हैं उपलब्धियां
विभूति शर्मा ने वर्ष 2020 में आयोजित ऑल इंडिया सोशल डिस्टेंसिंग ऑनलाइन नेशनल डांस प्रतियोगिता में सेमी-क्लासिकल जूनियर वर्ग में हिस्सा लेकर प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। वर्ष 2021 में आयोजित 12वें कटक महोत्सव में कथक समूह के जूनियर वर्ग में भाग लेकर प्रथम स्थान हासिल किया। वर्ष 2022 में आयोजित श्रीकृष्ण कला सांस्कृतिक महोत्सव में कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में नृत्य के लिए सम्मान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त वर्ष 2024 में आयोजित खजुराहो नृत्य महोत्सव के अंतर्गत आयोजित गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कार्यक्रम में सहभागी बनने का गौरव भी उन्हें प्राप्त हुआ। चक्रधर समारोह-2026 के मंच पर आज उनकी कथक प्रस्तुति ने रायगढ़ की युवा प्रतिभाओं और शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा को प्रभावी ढंग से सामने रखा। दर्शकों ने तालियों की गडग़ड़ाहट से उनकी प्रस्तुति का उत्साहवर्धन किया।
चक्रधर समारोह में भूपेन्द्र साहू की प्रस्तुति में दिखी छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की रंगीन छटा

रायगढ़। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41वें चक्रधर समारोह-2026 की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में गरियाबंद के वरिष्ठ रंगकर्मी एवं कलाकार भूपेन्द्र साहू ने छत्तीसगढ़ी लोककला और संस्कृति से सजी भावपूर्ण प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति में छत्तीसगढ़ के लोकगीत, लोकनृत्य, तीज-त्योहार और सांस्कृतिक परंपराओं के विविध रंग देखने को मिले।
भूपेन्द्र साहू ने ‘हमन नारी आवन वो, सबके महतारी आवन ग’ से नारी शक्ति के भाव को प्रस्तुत किया। इसके बाद छत्तीसगढ़ के राज्य गीत ‘अरपा पैरी के धार’, भोजली गीत, सुवा गीत एवं नृत्य ने छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं की सुंदर झलक दिखाई। बाबा गुरु घासीदास के संदेशों को पंथी नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, वहीं कर्मा और ददरिया की प्रस्तुतियों ने लोकजीवन के सहज और आत्मीय रंगों को मंच पर जीवंत किया। प्रस्तुति में श्रीराम स्तुति ने भक्ति का भाव जगाया। वहीं छत्तीसगढ़ के तीज-त्योहारों और लोकपरंपराओं से नई पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से ददरिया गीत की प्रस्तुति दी गई। अलग-अलग लोकशैलियों और गीत-संगीत के सुंदर मेल ने दर्शकों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ा।
उल्लेखनीय है कि भूपेन्द्र साहू लंबे समय से रंगमंच, लोककला और संगीत के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे मध्यप्रदेश रंगमंडल, भारत भवन भोपाल से जुड़े रहे हैं और देश-विदेश के अनेक वरिष्ठ रंग निर्देशकों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्ष 2006 में उन्होंने ‘रंग सरोवर’ छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कला मंच की स्थापना की। मंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों में लगभग 1000 मंचीय प्रस्तुतियां दी जा चुकी हैं। भरथरी के नाट्य रूपांतरण एवं मंचन तथा छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति पर उनके शोध और संकलन का कार्य भी उल्लेखनीय है। चक्रधर समारोह के मंच पर उनकी प्रस्तुति ने छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं को सहज और जीवंत अंदाज में दर्शकों तक पहुंचाया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह और सुश्री उर्वशी देवी ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
महाराजा चक्रधर सिंह की ‘चंद्रबदनी’ पर डॉ. यास्मीन सिंह की शानदार कथक प्रस्तुति

रायगढ़। चक्रधर समारोह-2026 की सांस्कृतिक संध्या में डॉ. यास्मीन सिंह ने कथक की शानदार प्रस्तुति दी। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की वंदना, ‘गोविंदा गोपाला’, ‘झूला गीत’, ‘द्रौपदी’ और महाराजा चक्रधर सिंह की प्रसिद्ध रचना ‘चंद्रबदनी’ को कथक के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रस्तुति की शुरुआत ‘दिव्य कृष्ण’ से हुई। भगवान श्रीकृष्ण की वंदना में भक्ति और आध्यात्मिक भावों को कथक की भाव-भंगिमाओं के साथ प्रस्तुत किया गया। इसके बाद ‘गोविंदा गोपाला’ में श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा, प्रेम और समर्पण के भाव दिखाई दिए।
‘झूला गीत’ में राधा-कृष्ण की प्रेमलीला और प्रकृति की सुंदरता को नृत्य के माध्यम से साकार किया गया। वहीं ‘द्रौपदी’ में महाभारत के उस प्रसंग को प्रस्तुत किया गया, जिसमें द्रौपदी और भगवान श्रीकृष्ण के सखा-सखी के रिश्ते, विश्वास और निष्ठा को भावपूर्ण ढंग से दर्शाया गया। प्रस्तुति का विशेष आकर्षण महाराजा चक्रधर सिंह की प्रसिद्ध रचना ‘चंद्रबदनी’ रही। ‘चंद्रबदनी, मृगलोचनी, दामिनी, दुति गोरी, अलबेली नवल नार, करति चित की चोरी…’ जैसे भावपूर्ण शब्दों को कथक की नृत्य-भंगिमाओं के साथ प्रस्तुत करते हुए डॉ. यास्मीन सिंह ने महाराजा चक्रधर सिंह की रचना और रायगढ़ घराने की समृद्ध कथक परंपरा को मंच पर जीवंत किया।
डॉ. यास्मीन सिंह ने 10 वर्ष की आयु में इंदौर के गुरु श्री मधुकर जगताप से कथक की प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद लखनऊ घराने के प्रसिद्ध गुरु पंडित अर्जुन मिश्रा से प्रशिक्षण लिया। उन्होंने रायगढ़ घराने की विशिष्ट बंदिशों, रचनाओं और शैली का अध्ययन प्रो. मांडवी सिंह के सानिध्य में किया। उनकी प्रस्तुति में कथक की शास्त्रीयता के साथ भाव, अभिनय और लय का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

