बच्चों के सर्वांगीण विकास की अनूठी पहल, छात्र-छात्राओं को भेंट की स्पोर्ट्स टी-शर्ट

शिक्षा और खेलकूद में बढ़ेगा आत्मविश्वास, बच्चों को मिला प्रोत्साहन,उपसरपंच की सराहनीय पहल

Gupta Lochan
2 Min Read

पखांजुर। बच्चों का भविष्य केवल किताबों तक सीमित नहीं है,बल्कि पढ़ाई के साथ खेलकूद और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां भी उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं,बच्चों को शिक्षा के प्रति लगातार प्रेरित और उत्साहित करने के लिए शिक्षकों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों एवं गांव के जागरूक लोगों की सहभागिता भी आवश्यक है।
इसी सोच को साकार करते हुए नागलदंड पंचायत के उपसरपंच लक्ष्मण देवनाथ ने बुधवार को एक सराहनीय पहल की,उन्होंने पी.व्ही.-91 चितरंजन नगर स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के सभी छात्र-छात्राओं को स्पोर्ट्स टी-शर्ट सप्रेम भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया।
स्पोर्ट्स टी-शर्ट पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। विद्यार्थियों में एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर उपसरपंच लक्ष्मण देवनाथ ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के साथ-साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढक़र हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को इस तरह समय-समय पर प्रोत्साहन मिलने से उनके भीतर आत्मविश्वास बढ़ता है और वे पढ़ाई के प्रति अधिक रुचि लेने लगते हैं। जनप्रतिनिधियों द्वारा बच्चों के लिए की जाने वाली ऐसी छोटी-छोटी पहल भी उनके जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव ला सकती है। ग्रामीणों ने आगे भी बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा उन्हें पढ़ाई और खेलकूद के प्रति प्रेरित करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम और पहल आयोजित करने की बात कही। इस अवसर पर शिक्षक तापस साहा, हीरा सिंह धुव्र,शिक्षिका कु.स्मिता पैकरा,रौशन कुजूर, ग्राम प्रमुख संजीत मंडल,प्रताप मंडल,गोपाल बिस्वास सहित शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के असीम मंडल,असित मंडल तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share This Article