केलो डेम हुआ लबालब, खोले गए चार गेट

बारिश की झड़ी से जन-जीवन अस्त व्यस्त,देर रात तक भारी बारिश का अलर्ट

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। जिले में फिर से मानसून सक्रिय होने के कारण रविवार रात से ही बारिश शुरू हुई है, जो सोमवार को भी रुक-रुककर होती रही और मंगलवार को पूरे दिन बारिश का दौर जारी रहा। इससे केलो डैम में पानी की आवक बढ़ गई, जिससे सोमवार रात में चार गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू की गई। वहीं बिलासपुर संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।
उल्लेखनीय है कि जिले में विगत सप्ताहभर से मौसम बदला हुआ है, जिससे कभी हल्की बारिश तो कभी बादल का दौर चल रहा था, जिससे अधिकतम तापमान में 27 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं सोमवार सुबह से ही कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हो रही है। जिससे मंगलवार को पूरे दिन लोग रेन कोर्ट व छतरी के सहारे घरों से निकलते नजर आए। वहीं इस रिमझिम बरसात के चलते स्कूल जाने वाले बच्चों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के उत्तरी भाग पर एक अवदाब सक्रिय है। यह मौसमी प्रणाली लगातार पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए झारखंड और बिहार की ओर बढऩे की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले 24 घंटे के भीतर यह अवदाब चिन्हित निम्न दाब के रूप में परिवर्तित हो जाएगा। इसके साथ ही, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर फिरोजपुर, देहरादून, शाहजहांपुर, वाराणसी, डेहरी, अवदाब के केंद्र, दीघा से होते हुए दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इन सभी मौसमी गतिविधियों का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ेगा। इन मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से जिले में 19 अगस्त को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने और भारी से अति भारी वर्षा होने का भी अनुमान है।

Share This Article