एसी फटने से मेकाहारा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लगी आग

मरीजों को आईसीयू में किया शिफ्ट, भारी मशक्कत के बाद दमकल ने पाया काबू

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। राजधानी स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) के मेडिसिन विभाग के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। आग लगने के बाद इमरजेंसी वार्ड और आसपास के हिस्से में धुआं फैल गया। एहतियात के तौर पर मरीजों और उनके परिजनों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया। अस्पताल के डॉक्टरों, स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमरजेंसी वार्ड में लगे एसी में खराबी या उसके फटने से आग लगने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। अग्निशमन अधिकारी पुष्पराज सिंह ने बताया कि आग पर पूरी तरह से कंट्रोल कर लिया गया है। एसी फटने की आशंका है। बिजली सप्लाई बंद कर मुआयना किया जाएगा, तभी वजह स्पष्ट हो पाएगी। इससे पहले भी मेकाहारा अस्पताल में सर्जरी के दौरान एसी के कंप्रेसर फटने से आग लग गई थी। उस समय मरीज का ऑपरेशन चल रहा था। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई थी।

Share This Article