प्रदेश में युवा कांग्रेस चुनाव की तैयारी तेज

सदस्यता अभियान से शुरुआत, फीस में इजाफा

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष सहित कई पदों पर नई टीम चुनने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा का कार्यकाल तीन साल से अधिक हो चुका है, ऐसे में संगठन बदलाव की ओर बढ़ रहा है। चुनाव से पहले मई-जून में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जो पूरी प्रक्रिया का आधार बनेगा। इस बार सदस्यता शुल्क बढ़ाकर 75 रुपए कर दिया गया है, जो पहले 50 रुपए था। संगठन का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को जोडऩा है। भारतीय युवा कांग्रेस की इलेक्शन टीम जल्द रायपुर पहुंचकर पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगी। इस बार चुनाव को ब्लॉक स्तर तक ले जाया जा रहा है। सदस्यता से लेकर मतदान तक पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ाने का दावा है। दो चरणों में होगा चयनचुनाव प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले वोटिंग कराई जाएगी, उसके बाद इंटरव्यू होगा। अंतिम चयन आला अधिकारी करेंगे। बताया जा रहा है कि अध्यक्ष पद के लिए उम्र भी अहम फैक्टर होगी। 1989, 1990 और 1991 आयु वर्ग के दावेदारों पर खास फोकस है। प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के मुताबिक, पिछली बार 11 लाख से अधिक सदस्य जुड़े थे। इस बार भी बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना है। प्रदेशभर में दावेदार सक्रिय हो चुके हैं। संभावित नामों में अनिमेष सिंह, हनी बग्गा, शैलेंद्र बंजारे, हर्षिता बघेल, मनहण वर्मा, सत्येंद्र चेलक और प्रशांत बोगड़े के नाम सामने आ रहे हैं। इसके अलावा पहले से चर्चा में रहे भावेश शुक्ला, आदिल खेरानी, आदित्य भगत, निखिल कांत साहू और संदीप वोरा भी रेस में बताए जा रहे हैं। कुल मिलाकर, इस बार का चुनाव संगठन के लिए अहम माना जा रहा है, जहां सदस्यता, डिजिटल वोटिंग और नए चेहरे मिलकर मुकाबले को दिलचस्प बना सकते हैं।

Share This Article