बलौदाबाजार में स्कॉर्पियो-ट्रेलर की टक्कर, 6 घायल, 2 गंभीर

रायपुर सत्संग में जा रहा था परिवार, स्कॉर्पियो का टायर फटने से हुआ हादसा

Gupta Lochan
2 Min Read

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले में रविवार सुबह एक स्कॉर्पियो और ट्रेलर की टक्कर में 6 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना बलौदाबाजार-रायपुर मार्ग पर मल्लिन नाला के पास डोटोपाड क्षेत्र में हुई। घायलों में से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामला लवन थाना क्षेत्र का है। घटना सुबह लगभग 8 बजे हुई। कसडोल नगर के वार्ड क्रमांक 8 के रहने वाले पांच पुरुष और एक महिला सहित कुल छह लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर रायपुर में एक सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। मल्लिन नाला के पास स्कॉर्पियो का अगला बायां टायर अचानक फट गया।
इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो का चालक वाहन के अंदर फंस गया था। मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालने में मदद की।
घटना की सूचना मिलते ही लवन थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी 6 घायलों को तत्काल बलौदाबाजार जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, 2 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए लवन स्थित उन्नत चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है, जबकि अन्य 4 घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। लवन थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Share This Article