रेल प्रशासन चला रहा स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन पर विशेष अभियान

Gupta Lochan
2 Min Read

बिलासपुर। मंडल रेल प्रशासन द्वारा रेल परिसर एवं चलती ट्रेनों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक विशेष स्वच्छता-जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों से गुजरने वाली गाडिय़ों में तैनात ओबीएचएस (ओबीएचएस) स्टाफ एवं पैंट्रीकार कर्मचारियों को वाणिज्य विभाग के सुपरवाइजरों, वाणिज्य विभाग की स्पेशल टीम तथा स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा गार्बेज डिस्पोज़ल मैनेजमेंट के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। अभियान के दौरान प्रतिदिन मंडल के बिलासपुर, उसलापुर, रायगढ़, अनूपपुर, शहडोल सहित सभी प्रमुख स्टेशनों से गुजरने वाली विभिन्न गाडिय़ों के ऑन बोर्ड हाउस कीपिंग स्टाफ (ओबीएचएस), पैंट्रीकार व क्लीन ट्रेन स्टाफ (सीटीएस) से संवाद स्थापित कर गाडिय़ों में कचरा संग्रहण, वर्गीकरण, सुरक्षित निस्तारीकरण, यात्रियों को स्वच्छता हेतु प्रेरित करने तथा ट्रेनों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं। स्वच्छता सुनिश्चित करने हेतु निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन पर जोर देते हुए उन्हें नियमित, जिम्मेदार एवं सुरक्षित कचरा निपटान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान चरणबद्ध तरीके से पूरे बिलासपुर मंडल में चलाया जा रहा है, ताकि ट्रेनों में स्वच्छता व्यवस्था और अधिक प्रभावी तथा व्यवस्थित हो सके। इस प्रकार की पहलें स्टेशन एवं ट्रेनों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और कर्मचारियों में जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना को भी सुदृढ़ करती है। बिलासपुर मंडल यात्रियों से भी अपील करता है कि वे ट्रेनों में कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें तथा स्वच्छ भारत–स्वस्थ भारत के इस अभियान में सहयोग करें।

Share This Article