युवक का अपहरण, पिता से मांगी 10 लाख की फिरौती

पैसा अपने की खाते में डलवाने कहा, सीएम हाउस से आया फोन, तलाश जारी

Gupta Lochan
3 Min Read

बिलासपुर। बिलासपुर में 10 साल से रह रहे एक युवक का अपहरण हुआ है। बताया जा रहा है युवक ने खुद अपने पापा को फोन लगाकर इसकी जानकारी दी और 10 लाख रुपए की फिरौती की मांग की है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक इस मामले में सीएम हाउस से भी पुलिस अधिकारियों को फोन गया है। फिलहाल पुलिस तलाश कर रही है।
संजय यादव (29 साल) कस्तूरबा नगर इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। 3 दिन से वह लापता था, जिसकी तलाश परिजन कर रहे थे। इसी बात रविवार (5 अक्टूबर) को उसने अपने पिता को फोन कर अपहरण की जानकारी दी और फिरौती की मांग की। पैसा अपने ही बैंक अकाउंट में जमा करने भी कहा है।
तीन दिन से लापता है युवक
संजय यादव मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर का रहने वाला है। पिता बालेश्वर यादव का परिवार जशपुर के नारायणपुर देरहाखार में रहता है। बेटा संजय बिलासपुर में रह रहा था। उसने एमएससी तक की पढ़ाई की है। वर्तमान में वह कोचिंग कर रहा था बैंक में काम भी कर रहा था। 1 अक्टूबर को उसने अपने पिता बालेश्वर यादव को फोन कर बताया वह घर आ रहा है। देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा तो दूसरे दिन पिता ने उसे फोन लगाया, उन्हें फोन लगातार बंद मिला, जिससे घर वाले घबरा गए। पिता उसे खोजते हुए बिलासपुर आ गए। जहां किराए का मकान में ताला बंद मिला।
मोबाइल बंद चालू होने से भटक रही पुलिस
सिविल लाइन ष्टस्क्क निमितेश सिंह ने बताया कि युवक की तलाश जारी है। मोबाइल बंद चालू होने से पुलिस भटक रही है। पुलिस साइबर सेल से तकनीकी साक्ष्य एकत्रित कर सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई है। युवक के मोबाइल का लोकेशन कभी बिलासपुर से पेंड्रा-गौरेला में मिलने पर टीम गई थी।
खुद फोनकर पिता से 10 लाख की मांग
शहर में पतासाजी के दौरान पिता बालेश्वर यादव के मोबाइल पर लापता बेटे संजय यादव ने अपने मोबाइल से उन्हें फोन कर कहा 8 से 10 लडक़ों ने उसका अपहरण कर लिया है और 10 लाख रुपए फिरौती मांग रहे हैं। ऐसा उसने कई बार फोन कर पिता को कहा, उसके बाद उसका मोबाइल बंद हो रहा है। पिता ने फिरौती की रकम जमा करने बैंक अकाउंट नंबर मांगा तो वह कहने लगा उसके ही बैंक अकाउंट में जमा दो।

Share This Article