युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया से स्कूलों को मिले स्थायी शिक्षक

शैक्षणिक वातावरण होगा मजबूत और बच्चों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

Gupta Lochan
2 Min Read

सुकमा। प्रदेश में नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को सशक्त और संतुलित बनाने के लिए शिक्षक युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया से जिले में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की दूरदर्शी सोच और मार्गदर्शन में शिक्षक विहीन और एकल शिक्षक वाले विद्यालयों में शिक्षकों की पदस्थापना सुनिश्चित हुई है। जिससे विद्यार्थियों को नियमित, गुणवत्तापूर्ण और विषय विशेषज्ञ शिक्षकों से शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
छिंदगढ़ के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कमलेश श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि छिंदगढ़ विकासखंड में कुल 390 शासकीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 288 प्राथमिक स्कूल, 82 माध्यमिक स्कूल,13 हाई स्कूल और 07 हायर सेकेण्डरी स्कूल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि युक्तियुक्तकरण से पूर्व विकासखंड में 08 विद्यालय शिक्षक विहीन था और 96 विद्यालय एकल शिक्षक पर संचालित हो रहे थे। शासन द्वारा शिक्षकों की युक्तियुक्तकरण की पारदर्शी प्रक्रिया से इन विद्यालयों में शिक्षकों की पदस्थापना सुनिश्चित की गई, जिससे अब छात्र-छात्राओं को नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। छत्तीसगढ़ शासन की इस पहल से शिक्षक युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के माध्यम से विद्यालयों में शिक्षकों की संतुलित उपलब्धता सुनिश्चित हुई है, जिससे शैक्षणिक वातावरण सुदृढ़ होगा और यह शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाई तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Share This Article