विश्व पर्यावरण दिवस पर रेलवे बिलासपुर द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने मधुवन उद्यान में वृक्षारोपण कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ

Gupta Lochan
5 Min Read

बिलासपुर। पर्यावरण दिवस की महत्ता एवं एक जागरूक संगठन की तरह पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका को जिम्मेदारी पूर्वक निभाने हेतु दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा प्रतिवर्ष 05 जून को संपूर्ण राष्ट्र के साथ साथ विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण से संबंधित अनेकों कार्यक्रम भी आयोजित किये जाते हैं। इसी कड़ी में आज महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे श्री तरुण प्रकाश के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस को बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इसके अंतर्गत वृक्षारोपण सहित पर्यावरण संरक्षण जागरूकता से संबन्धित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रम की कड़ी में नवीन अधिकारी विश्राम गृह बिलासपुर के पास स्थित ‘मधुवन उद्यान’ में वृहद वृक्षारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भविष्य की पीढिय़ों के लिए पर्यावरण को संरक्षित और पोषित करने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक इस वृहद वृक्षारोपण अभियान का महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने वृक्षारोपण कर इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक राजमल खोईवाल एवं मुख्यालय के उपस्थित समस्त विभागाध्यक्षों एवं मंडल के अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान लगभग 1000 फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में स्काउट एंड गाइड, नागरिक सुरक्षा संगठन, स्कूल के बच्चे, सेंट जॉन एम्बुलेंस के स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिये। कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जाने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया और सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए ऊर्जा का संरक्षण, प्लास्टिक का कम उपयोग, अपशिष्ट को कम करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने जैसे स्थायी आदतों को अपनाने जाने की बात कही। श्री तरुण प्रकाश ने इस वर्ष के विश्व पर्यावरण दिवस का विषय, ‘प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने’ पर ज़ोर देते हुए कहा कि प्लास्टिक, हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा बन चुका है, पर्यावरण में सैकड़ों वर्षों तक बना रहता है तथा जल स्रोतों को दूषित करता है, वन्यजीवों के लिए घातक है और मानव स्वास्थ्य के लिए भी खतरा पैदा करता है। अत: हमें प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने और स्थायी विकल्पों को अपनाने के लिए वैश्विक प्रयासों को तेज करना है।
पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत ‘प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने’ की दिशा में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 22 मई से 04 जून 2025 तक पूरे पखवाड़े के दौरान पर्यावरण संरक्षण से संबन्धित अनेकों कार्यक्रमों का आयोजन किया गया 7 जिसके अंतर्गत अनेक 12 कार्यशाला, 180 सार्वजनिक जागरूकता अभियान और सोशल मीडिया अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत 08 प्लास्टिक कलेक्शन ड्राइव चलाकर स्टेशनों पर स्थापित प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की कार्यस्थिति एवं रखरखाव की समीक्षा की गई। स्टेशनों पर विशेष अभियान चलाकर सभी केटरिंग स्टाल की जाँच की गई। इसके साथ ही स्टॉल संचालकों व विक्रेताओं को सिंगल उपयोग प्लास्टिक कार्यान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये गये। प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल वस्तुओं का प्रयोग करने तथा खाद्य विक्रेताओं को प्लास्टिक के स्थान पर इको-फ्रेंडली कटलरी उपयोग करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। यात्रियों को स्वयं की बोतल उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने हेतु स्टेशन पर स्थापित वाटर रीफिल पॉइंट्स का निरीक्षण किया गया। यात्रियों को जागरूक करने हेतु स्टेशन पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली से अपने स्वयं के पानी की बोतलों का उपयोग करने की अपील की गई। सतत रेलवे संचालन, थीम पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत बिलासपुर सहित सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत, जल संरक्षण तथा स्वच्छता को प्राथमिकता दी गई। रेलवे स्टेशनों के आसपास रेलवे कालोनियों, पार्कों, गार्डन आदि के रखरखाव के लिए विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। कॉलोनियों, रेलवे स्टेशनों, पटरियों और आस-पास के क्षेत्रों में बेहतर सफाई हेतु 180 अभियान चलाकर सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित की गई। ‘गीला कचरा, सूखा कचरा’ की समझ एवं डोर टू डोर कचरा संग्रहण की थीम पर 22 नुक्कड़ नाटक आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। यात्रियों व कर्मचारियों को सतत पर्यावरण के संरक्षण हेतु प्रेरित किया गया। स्कूली बच्चों एवं रेल कर्मियों के लिए पर्यावरण संरक्षण से संबन्धित 17 ड्राइंग, निबंध व क्विज आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे पर्यावरण संरक्षण से संबन्धित अपनी जिम्मेदारियों के प्रति समर्पित है और पर्यावरणीय स्थिरता और संरक्षण को बढ़ावा देने वाली पहलों का समर्थन एवं क्रियान्वयन निरंतर जारी रखेगा।

Share This Article