डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान समारोह में पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी

अलग-अलग क्षेत्रों से करीब 250 लोगों का हुआ सम्मान, जांजगीर स्थित ऑडिटोरियम का डॉ. भीमराव अम्बेडकर के नाम रखने की घोषणा की

Gupta Lochan
4 Min Read

जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार द्वारा जांजगीर-चाम्पा जिले में विकास के द्वार खोलने के लिए संकल्पित जिले के प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में जांजगीर-चाम्पा छत्तीसगढ़ के नक्शे में अलग दिखेगा। कार्यक्रम में यूथ आइकान ओपी चौधरी को अपने बीच पाकर भाजपा कार्यकर्ता, आम जनता, महिलाएं, अधिवक्ता, नवयुवक काफी उत्साहित दिखे। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्र के 250 से अधिक लोगों का सम्मान किया गया। साथ ही जिला मुख्यालय जांजगीर स्थित ऑडिटोरियम को डॉ. आंबेडकर के नाम पर किए जाने की घोषणा प्रभारी मंत्री द्वारा की गई।
प्रभारी मंत्री चौधरी ने कहा कि नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर कई स्मारक बनाए गए, लेकिन कांग्रेस ने कभी बाबा साहेब अंबेडकर के नाम से स्मारक बनाने का विचार नहीं किया। तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का कहना था कि स्मारक सरकार की बजाय आम जनता द्वारा बनाए जाने चाहिए। दूसरी ओर भाजपा सरकार ने बाबा साहेब को भारतरत्न से सम्मानित किया और लंदन, दिल्ली, मुंबई में उनसे संबंधित भव्य स्मारक बनवाए। आगे उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने अंबेडकर को मुंबई से चुनाव हराने, उनके मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने और एनसीईआरटी की किताब में कार्टून प्रकाशित करने में अहम भूमिका निभाई थी। डॉ. अंबेडकर के निधन पर तत्कालीन प्रधानमंत्री ने तत्कालीन राष्ट्रपति को उनके अंतिम संस्कार में जाने से रोक दिया था। उन्होंने आगे कहा कि पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी ने अपने कार्यकाल में खुद को भारतरत्न से सम्मानित किया, लेकिन बाबा साहेब को यह सम्मान देने का उनके मन में कभी ख्याल तक नहीं आया। बाबा साहब को भारत रत्न देना का सम्मान भारतीय जनता पार्टी ने किया। उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचाराधारा है। जिन्होंने जिस समतामूलक समाज का सपना देखा था। उसे कालांतर में भाजपा के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने आगे बढ़ाने का काम किया और वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बाबा साहब के सपनों को आगे बढ़ाकर देश के हर गरीब के रोटी, कपड़ा और मकान का सपना पूरा करने में जुटे है। ओपी ने कहा कि आदिवासी और दलित समाज धीरे-धीरे यह समझने लगा है कि कांग्रेस ने बाबा साहेब अंबेडकर का हमेशा अपने स्वार्थ के लिए उपयोग किया। यह जागरूकता कांग्रेस और विपक्षी दलों में घबराहट पैदा कर रही है। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व छत्तीसगढ़ में पिछले एक साल में जनहित के कई बड़े कार्य किए गए हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने, पेपर लीक रोकने और पारदर्शी तरीके से नौकरियां देने की बात कही। कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े, वरिष्ठ भाजपा नेता नारायण चंदेल, जिले के प्रभारी गिरधर गुप्ता, पूर्व सांसद कमला पाटले, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, नगरपालिका अध्यक्ष रेखा गढ़वाल, प्रदीप नामदेव, लीलाधर सुल्तानिया, संतोष लहरे, अमर सुल्तानिया, नंद चौधरी, मोहन यादव, रवि पांडेय, राजकुमार साहू, पुष्पेंद्र सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री पुरुषोत्तम शर्मा व आभार प्रदर्शन अमर सुल्तानिया ने किया।

Share This Article