जिंदल कोल माइंस में ब्लास्ट : 1 मौत और 2 घायल

ब्लास्टिंग-वैन पर बड़ा पत्थर गिरने से गई जान, मृतक ओडिशा से रायगढ़ आया था काम करने

Gupta Lochan
4 Min Read

रायगढ़। जिले में जिंदल पावर लिमिटेड की कोल माइंस में धमाका हुआ है। ब्लास्ट में एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई, जबकि 2 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि ब्लास्ट के दौरान सुरक्षा में लापरवाही बरती गई, जिससे हादसा हुआ। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक मरने वाले मजदूर का नाम आयुष बिश्नोई (24) है, जो ओडिशा से काम करने के लिए रायगढ़ आया था। वहीं ब्लास्ट में घायल मजदूरों में चंद्रपाल राठिया (38) निवासी ग्राम कोसमपाली और अरुण लाल (43) निवासी ग्राम झरना शामिल है। दोनों की हालात नाजुक है।
दरअसल, जिंदल पावर लिमिटेड की कोल माइंस गारे पेलमा 4/3 और 4/4 माइंस में ब्लास्टिंग का काम चल रहा था। ब्लास्टिंग के दौरान खदान में 14-15 मजदूर थे। वहीं कुछ मजदूर ब्लास्टिंग वैन के अंदर बैठे थे, तभी एक बड़ा सा पत्थर टूटकर वैन के भीतर घुसा। इस दौरान वैन पर पत्थर पडऩे से वैन के पीछे का दरवाजा टूट गया। अंदर बैठे मजदूर आयुष बिसोई पिता मनमत नाथ बिसोई उम्र 24 वर्ष निवासी दरशपुर जिला गंजाम ओडिशा की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद वही पत्थर वहां मौजूद साथी मजदूरों को भी लगा, जिससे उनको भी गंभीर चोट आई है। ब्लास्ट इतना जबरस्त था कि आसपास के क्षेत्र इसकी आवाज से थर्रा उठा था। ग्रामीण दहशत में आ गए, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंच कर मुआयना करते हुए, जांच शुरू कर दी।
दूर-दूर तक सुनाई दी ब्लास्ट की गूंज
मजदूरों ने बताया कि ब्लास्ट के बाद फौरन प्रबंधन को जानकारी दी गई, तब तक एक की जान चली गई थी। वहीं 2 मजदूर साथी तड़प रहे थे। दोनों को घायलों को सावित्री नगर स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से रायगढ़ फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया, जिससे दोनों का उपचार चल रहा है।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया
तमनार थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज ने बताया कि मजदूर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। घायलों के शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान हैं। हादसा कैसे और किसकी गलती से हुआ है, हमारी टीम पता लगा रही है। वहीं हादसे पर प्रबंधन की अब तक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
एसडीएम और सीएसपी ने लिया जायजा
तमनार स्थित जिंदल के गारे पेलमा खदान में ब्लास्ट होने की जानकारी मिलते ही एसडीएम घरघोड़ा रमेश मोर के साथ पुलिस विभाग से सीएसपी अनिल विश्वकर्मा ने तत्काल घटना स्थल पर पहुंचकर प्रारंभिक जानकारी ली और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश देते हुए कहा कि घटना की विस्तृत जांच की जाएगी।
जिंदल पावर देगा 50 लाख मुआवजा और 20 हजार मासिक पेंशन
जिंदल पावर की ओर से जीएम रितेश गौतम ने बताया कि कंपनी के पॉलिसी के तहत मृत व्यक्ति के परिवार को 50 लाख रुपए का मुआवजा और 20 हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज जिंदल फोर्टिस में चल रहा है।

Share This Article