12 लोगों से भरी पिकअप नहर में गिरी, 5 लापता

छठी कार्यक्रम में शामिल होने सक्ती से कोरबा जा रहे थे ग्रामीण

Gupta Lochan
2 Min Read

कोरबा। जिले में तेज रफ्तार पिकअप पलटकर नहर में गिर गई। इस दौरान नहर के तेज बहाव में 2 बच्चे और 3 महिलाएं बह गई हैं, जबकि 5 लोगों ने नहर से निकलकर अपनी जान बचाई। मामला उरगा थाना क्षेत्र के बमड़वारानी जर्वे के पास का है। मिली जानकारी के मुताबिक करीब 12 लोग पिकअप पर सवार होकर सक्ती जिले से कोरबा जा रहे थे। इसी दौरान पिकअप सवार हादसे का शिकार हो गए। पिकअप चालक गाड़ी को छोडक़र मौके से भाग निकला है।
हादसे की सूचना मिलते ही कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही नगर सेवा के गोताखोरों के साथ पुलिस की भी टीम रेस्क्यू में जुटी है। बड़ी संख्या में ग्रामीण नहर के पास मौजूद हैं। वहीं सिंचाई विभाग को नहर में पानी कम करने की सूचना दी गई है।
बताया जा रहा है कि सभी सक्ती जिले के रेडा गांव से निकले थे। वे कोरबा जिले के मुकंदपुर छठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। पिकअप वाहन में करीब 12 लोग सवार थे। कुछ लोग तैरकर बाहर भी आ गए। पूछताछ में उन लोगों ने बताया कि, वाहन में जो लोग खड़े थे वही पानी में डूबे हैं।
पानी में डूबे 5 लोगों की तलाश जारी है। दरअसल, ये हादसा कोरबा और सक्ती जिले के बॉर्डर पर हुआ है। ऐसे में गोताखोरों की एक टीम सक्ती जिले के ग्राम नगरदा भी रवाना हुई, वहां भी नहर में डूबे लोगों की तलाश की जा रही है। वहीं नहर से पिकअप वाहन को निकाल लिया गया है।

Share This Article