बिना एटीएम व ऑन लाईन ट्रांजेक्शन के बुजुर्ग के खाते से 17 लाख पार

घटना की शिकायत पर जांच में जुटी कोतवाली पुलिस

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के एक बुजुर्ग के खाते से 17 लाख रुपए पार हो गया है, बुुजुर्ग का कहना है कि वह न तो एटीएम का उपयोग करता है और न ही ऑन लाईन लेन-देन करता है, फिर भी रुपए निकल गए हैं। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
इस संबंध में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी गौरीशंकर बेरीवाल ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसका भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य शाखा में बचत खाता है, इससे उक्त खाते में वह आश्यकता के अनुसार रकम जमा व आहरण करते रहता है, लेकिन उसने न तो बैंक से एटीएम कार्ड लिया है और न ही ऑनलाइन लेनदेन करता है। साथ ही पीडि़त का कहना है कि बैंक खाता खोलते समय जो मोबाइल नंबर दर्ज कराया था वह विगत 30 अक्टुबर 2024 को शहर के संजय कांप्लेक्स क्षेत्र में गिरकर गुम हो गया था, जिसकी शिकायत उसी दिन थाना में पहुंचकर मोबाइल गुम होने की सूचना दर्ज कराते हुए उक्त सिम को बंद कर नया सिम ले लिया था और दूसरे मोबाइल में से चालू कर उपयोग कर रहा था। इस दौरान उसने विगत सितंबर 2024 में उसने बेलादुला में स्वयं के स्वामित्व की भूमि को बेचकर प्राप्त रकम 12 लाख 99 हजार रुपए चार सितंबर 2024 को चेक के माध्यम से उक्त खाता में जमा किया था, इससे पहले भी बैंक के कुछ रकम जमा था, और बाद में भी उक्त खाते में रकम जमा की गई थी। इस तरह अक्टूबर की माह में उसके खाते में कुल 17 लाख 16 हजार 853 रुपये 98 रुपये जमा हुए थे।
मोबाइल गुमने के बाद हुई हेराफेरी
बताया जा रहा है कि विगत 28 मार्च को खाताधारक गौरीशंकर बेरीवाल ने व्यक्तिगत खर्च के लिए रकम निकालने के लिए जब बैंग पहुंचा और जमा रुपए के बारे में जानकारी मांगी तो बैंक कर्मचारियों ने उसे बताया कि उसके खाते में 5,743.63 रुपये जमा है। इससे उसने कहा कि जब से रुपए जमा किया है तब से वह लेनदेन नहीं किया है तो उसके पैसे कहां गायब हो गए, बताया कि 30 अक्टूबर 2024 से 16 नवंबर 2024 तक कुल 17 लाख, 16 हजार, 552 रुपये का आहरण हुआ है। ऐसे में पीडि़त का कहना है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके साथ धोखाधड़ी किया गया है। ऐसे में पीडि़त ने चार अप्रैल को इसकी शिकायत कोतवाली थाना में दर्ज कराई है, जिससे पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।

Share This Article