लगातार हो रही बुंदाबांदी ने गर्मी से दिलाई राहत

नमीयुक्त हवा के चलते अधिकतम तापमान में आई गिरावट

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। जिले में लगातार नमीयुक्त हवाओं के आगमन के चलते विगत तीन दिनों से आसमान में बादल छाया हुआ है, जिसके चलते अधिकतम तापमान में गिरावट आने से गर्मी से काफी राहत मिली है। हालांकि अभी शुक्रवार को भी मौसम साफ होने की संभावना नहीं है।
उल्लेखनीय है कि विगत तीन-चार दिनों से जिले में नमीयुक्त हवा के आगमन होने से आसमान में बादल छाया हुआ है, जिसके चलते अधिकतम तापमान में भी लगातार हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है, ऐसे में गुरुवार को सुबह से ही घना बादल होने के कारण 35 डिग्री तक अधिकतम तापमान पहुंचा था, इस बीच दोपहर दो बजे के बाद ठंडी हवा के साथ घना बादल हो गया और देखते ही देखते शाम पांच बजे से बुंदाबांदी शुरू हो गई। इस दौरान शहर के ही कुछ हिस्से में तेज वर्षा हुई तो कुछ जगहों में हल्की बुंदाबांदी हुई, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा हुई है। इसके साथ ही लगातार ठंडी हवा चल रही है, जिसके चलते गर्मी व उसम से काफी राहत मिली है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि क्षोभमंडल में निम्न स्तर पर बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन लगातार हो रहा है, जिसके चलते दक्षिण छत्तीसगढ़ में बादल छाया हुआ है जिससे हल्की वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही अंधड के साथ वज्रपात होने की भी संभावना है। ऐसे में फिलहाल अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट का दौर संभावित है। साथ ही शनिवार से नमी का आगमन कम होने बाद मौसम साफ होने की बात कही जा रही है, इसके बाद धूप निकलने पर फिर से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी होगी, इससे गर्मी के साथ उमस भी बढऩे की संभावना है।
बूंदाबंादी ने किसानों की बढ़ाई चिंता
इस संबंध में किसानों का कहना है कि इस समय रवि फसल तैयार हो चुका है, जिससे गेंहू की कटाई के साथ-साथ मिशाई का भी काम चालू है, ऐसे में विगत दो-तीन दिनों से मौसम खराब होने के कारण बुंदाबांदी बारिश से रवी फसल पर असर पड़ रहा है, हालांकि अभी तक तेज बारिश नहीं हुई है, इससे मौसम साफ होते ही फिर से मिशाई का काम चालू हो जाएगा, लेकिन अगर कहीं तेज वर्षा हो गई तो गेंहू फसल चौपट हो सकता है।
ठंडी हवा ने दिलाई गर्मी से राहत
उल्लेखनीय है कि गुरुवार शाम को रिमझिम बारिश के साथ ठंडी हवा चलने से गर्मी व उसम से काफी राहत मिल गई है। ऐसे में लोगों का कहना है कि फिलहाल जिस तरह से मौसम में बदलाव हुआ है, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि अगर दो-तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कुछ खास बढोत्तरी नहीं होगी, जिससे काफी राहत मिलेगी।

Share This Article