प्रेम संबंध के विवाद में युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम तराईमार में युवक की हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आज थाना धरमजयगढ़ में एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी और थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम ने प्रेस कांफ्रेस कर घटना और आरोपियों के गिरफ्तारी की जानकारी दी गई, जिसके अनुसार प्रेम संबंध के विवाद में युवक की हत्या कर दी गई थी। एसडीओपी धरमजयगढ़ ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सिविल अस्पताल पहुंची, जहां मृतक की पहचान दयाराम साहू (27) पिता फागूलाल साहू के रूप में हुई। जांच में पता चला कि दयाराम का निरंजन सिदार की रिश्तेदार युवती से प्रेम संबंध था, जिसे लेकर निरंजन और उसका भाई राजू सिदार पहले से नाराज थे। बीती 1 मार्च की रात जब दयाराम निरंजन के घर पहुंचा तो दोनों भाइयों ने गुस्से में आकर उस पर मोटरसाइकिल के शॉक-एब्जॉर्बर रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई कन्हैया साहू (34) की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। दोनों आरोपी निरंजन सिदार (31) और राजू सिदार (18) को गिरफ्तार कर लिया है।

Share This Article