गौ तस्करी का फरार आरोपी गिरफ्तार

पूछताछ में झारखंड कनेक्शन का खुलासा

Gupta Lochan
2 Min Read

जशपुरनगर। पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौ तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी मो. आरिफ हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई चौकी दोकड़ा क्षेत्र में की गई। दरअसल, दोकड़ा पुलिस को 12 सितंबर 2024 को मुखबिर से सूचना मिली थी। एक सफेद पिकअप वाहन में गौवंशों की तस्करी कर झारखंड ले जाया जा रहा था। पुलिस ने चोंगरीबहार चौक पर नाकाबंदी की। आरोपी चालक बैरिकेड तोडक़र भाग निकला। ग्राम बगिया के पास वाहन छोडक़र फरार हो गया। वाहन की जांच में 11 गौवंश बरामद हुए। सभी पशुओं को सुरक्षित निकालकर उनका इलाज कराया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार किया। आरोपी मो. आरिफ हुसैन जशपुर के साईं टांगर टोली का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि यह काम झारखंड के गुमला जिले के पिकअप मालिक साकिर मीर के कहने पर कर रहा था। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत पशु तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article