सीएम साय ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर किया नमन

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय जी का जीवन राष्ट्रसेवा, अंत्योदय और त्याग की अद्वितीय मिसाल है। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनके विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि अंत्योदय का संकल्प हमें समाज के हर वर्ग, विशेषकर वंचितों और जरूरतमंदों के उत्थान के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित, सेवा और समाज कल्याण को समर्पित रहा। पंडित दीनदयाल जी की विचारधारा हमें छत्तीसगढ़ को एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करती है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संत रविदास जयंती की दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संत रविदास जी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि संत रविदास जी ने समाज में समता, एकता और भाईचारे के सिद्धांतों को प्रतिष्ठित किया। उनके उपदेशों ने मानवता की सेवा और सामाजिक समानता का संदेश दिया। संत रविदास जी ने अपने आध्यात्मिक संदेशों के माध्यम से जातिवाद, भेदभाव और सामाजिक असमानता का विरोध किया और प्रेम, करुणा तथा परोपकार को जीवन का आधार बनाने पर बल दिया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने उनके समय में थे। वे हमें सद्भाव, सामाजिक उत्थान और मानवतावादी मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे संत रविदास जी के उपदेशों से प्रेरणा लेकर सामाजिक सद्भाव, समानता और सेवा के मूल्यों को आत्मसात करें और समाज को एक बेहतर दिशा देने में योगदान दें।

Share This Article