शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म

फरार आरोपी को पुलिस ने पामगढ़ से किया गिरफ्तार

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। चक्रधरनगर पुलिस ने आज शादी का प्रलोभन देकर युवती से दुष्कर्म के आरोपी मनोज साहू (24 साल) को पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ युवती ने 22 जनवरी को चक्रधरनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
तहसील धरमजयगढ़ की रहने वाली पीडि़ता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पिछले छह साल से रायगढ़ में किराए के मकान में रहकर काम कर रही थी। अक्टूबर 2023 में चक्रधरनगर स्थित एक पार्क में उसकी मुलाकात मनोज साहू से हुई। मनोज ने दोस्ती बढ़ाई और फोन नंबर लेकर बातचीत शुरू की। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। नवंबर 2023 में मनोज ने चक्रधरनगर में किराए का मकान लिया, जहां वह पीडि़ता के साथ रहने लगा। मनोज ने शादी का प्रस्ताव देकर शारीरिक संबंध बनाए।
कुछ समय बाद पीडि़ता ने दूसरा किराए का मकान लिया, जहां मनोज अक्सर मिलने आता था। जब युवती ने नवंबर 2024 में कोर्ट में शादी के लिए आवेदन करने को कहा, तो मनोज ने शादी से इनकार कर गाली गलौच किया। पीडि़ता ने मनोज के माता-पिता से बात की, लेकिन उन्होंने भी उसे भगा दिया।
युवती की शिकायत पर चक्रधरनगर थाना प्रभारी प्रशांत राव ने अपराध दर्ज किया। महिला पुलिस अधिकारी ने पीडि़ता का बयान लिया और मेडिकल जांच कराई। आरोपी को पकडऩे के लिए पुलिस ने मुखबिर तैनात किए। आज भोर में सूचना मिलने पर पामगढ़ के चण्डीपारा से आरोपी को हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
आरोपी की पतासाजी, गिरफ्तारी में निरीक्षक प्रशांत राव, सहायक उप निरीक्षक नंद कुमार सारथी, प्रधान आरक्षक महेंद्र कर्ष और समुंद रनकर की अहम भूमिका रही। पुलिस ने इस मामले में तेज कार्रवाई कर आरोपी को कानून के शिकंजे में लाकर न्याय सुनिश्चित किया है।

Share This Article