पीएम मोदी को छग का टाइगर रिजर्व भाया

‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया टाइगर रिजर्व का जिक्र

Gupta Lochan
4 Min Read

रायपुर। प्रदेश के एक टाइगर रिजर्व का जिक्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उन्होंने छत्तीसगढ़ के गुरुघासीदास तमोरपिंगला टाइगर रिजर्व की बात कही। ये कार्यक्रम मंत्रालय में बैठक मुख्यमंत्री विष्णुदेव और सरकार के सभी मंत्रियों ने भी सुना। दूसरी तरफ प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह दिल्ली दौरे पर हैं। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात में डॉ रमन सिंह ने प्रधानमंत्री को छत्तीसगढ़ प्रदेश के रजत जयंती के बारे में बताया। विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह प्रधानमंत्री को छत्तीसगढ़ आने का न्योता भी दिया। डॉ रमन सिंह ने बमलेश्वरी माता की तस्वीर नरेंद्र मोदी को तोहफे में दी। छत्तीसगढ़ के राजनीतिक हालातों पर भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई।
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के गुरुघासीदास तमोरपिंगला टाइगर रिजर्व की चर्चा करते हुए कहा कि ये हम सभी के लिए बहुत खुशी की बात है कि बीते दो महीनों में हमारे देश में दो नए टाइगर रिजर्व जुड़े हैं। इनमें से एक है छत्तीसगढ़ में गुरु घासीदास–तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व और दूसरा है –मध्यप्रदेश में रातापानी टाइगर रिजर्व। यह देश का तीसरा सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व है। टाइगर रिजर्व का कुल क्षेत्रफल 2829.387 वर्ग किलोमीटर है। इसकी सीमाएं चार जिलों एमसीबी, कोरिया, सूरजपुर और बलरामपुर तक फैली हुई हैं। अब छत्तीसगढ़ में टाइगर रिजर्व की संख्या चार हो गई है। गुरु घासीदास नेशनल पार्क और तमोर पिंगला को मिलाकर साल 2021 में टाइगर रिजर्व बनाने की सहमति सरकार से मिली थी, लेकिन विरोध के कारण अस्तित्व में नहीं लाया जा सका था। मन की बात कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस कार्यक्रम में हर बार कुछ न कुछ नया सीखने को मिलता है। यह कार्यक्रम वास्तव में देशवासियों की उपलब्धियों, मानवता की सेवा के कार्यों और नवाचार की जानकारियों का अनूठा संगम है, जहां प्रधानमंत्री जी की ज्ञान, विज्ञान की बातें, स्वस्फूर्त रूप से देशवासियों के देश के लिए समर्पित होकर किए जा रहे कार्यों और नई नई जानकारियां सुनने वालों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करती है।
प्रधानमंत्री ने मन की बात में अंतरिक्ष विज्ञान में भारत की उपलब्धियों, युवाओं द्वारा शुरू किए गए स्टार्ट अप, महिला सशक्तिकरण के सफल प्रयासों का उल्लेख किया। देश की महान विभूतियों स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाषचंद बोस से युवाओं को प्रेरणा लेकर आगे बढऩे की बात कही। प्रधानमंत्री ने मन की बात में देशवासियों से कहा कि हम सभी अपने अपने काम से अपने देश को हर दृष्टि से सर्वश्रेष्ठ बनाने का प्रयास करते रहें।
प्रधानमंत्री ने मन की बात में भारतीय गणतंत्र की 75वीं वर्षगाँठ पर संविधान सभा की सभी महान विभूतियों को नमन किया। प्रधानमंत्री ने प्रयागराज के महाकुंभ में युवाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि जब युवा-पीढ़ी अपनी सभ्यता से गर्व के साथ जुड़ती है, तो उसकी जड़ें और भी मजबूत होती है जिससे उसका स्वर्णिम भविष्य भी सुनिश्चित हो जाता है। प्रधानमंत्री ने रामलला के प्राण प्रतिष्ठा पर्व की 11 जनवरी को पहली वर्षगांठ का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दिन लाखों राम भक्तों ने अयोध्या में रामलला के साक्षात दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि हमें विकास के रास्ते पर चलते हुए, अपनी विरासत को भी सहेजना है और उनसे प्रेरणा लेते हुए आगे बढऩा है।

Share This Article