सैफ अली खान पर हमला करने वाले आरोपी दुर्ग आरपीएफ के हत्थे चढ़ा

Gupta Lochan
3 Min Read

रायपुर। बॉलीवुड स्टार सैफ अली खान पर 15 से 16 जनवरी की दरमियानी रात हमलावर ने चाकू से 6 बार हमला किया था. हमलावर उनके घर में चोरी की नियत से घुसे थे और उन पर ताबड़तोड़ हमलाकर वहां से फरार होने में कामयाब हो गए थे. इस मामले में दुर्ग आरपीएफ पोस्ट की टीम ने एक आरोपी को ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से पकड़ा है, जिसकी सूचना मुंबई पुलिस को दे दी गई है. मुंबई पुलिस की एक टीम वहां से रवाना भी हो गई है, जो करीब रात 8 बजे तक यहां पहुंच जाएगी. इसके बाद आरोपी को उन्हें हैंड ओवर किया जाएगा।
मामले को लेकर आरपीएफ आईजी मुन्नवर खुर्शीद ने बताया कि आरोपी का नाम आकाश कन्नौजिया है, जो कि मुंबई के कोलावा का रहने वाला है. अभी फिलहाल वो अपने नानी के घर चांपा जा रहा था. उन्होंने आगे बताया कि राजनांदगांव की आरपीएफ टीम ने भी इसको पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन किसी तरह ये उनकी पकड़ में नहीं आ पाया. इसके बाद दुर्ग आरपीएफ की टीम ने इसे धर दबोचा है. आरोपी आकाश कन्नौजिया ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के जर्नल डिब्बे में बैठकर सफर कर रहा था. मुंबई पुलिस की टीम के आने के बाद मामले में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी को पकडऩे के बाद दुर्ग आरपीएफ की टीम ने इसकी तस्वीर मुंबई पुलिस को भेजी थी, जिसके बाद वहां से इसकी पुष्टी भी हो चुकी है. बता दें कि सैफ अली खान पर हमले के बाद मुंबई पुलिस की टीम ने एक संदिग्ध आरोपी की फोटो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट की थी. इस जानकारी में संदिग्ध व्यक्ति के पास मिले मोबाइल नंबर और फोन की आईएमईआई नंबर का भी जिक्र किया गया है. पुलिस ने जो जानकारी शेयर की है, उसके मुताबिक राजेंद्र कोड़ोपे तहसील डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव बताया गया था. इस जानकारी के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस और रेलवे पुलिस की टीम दोनों ही एक्टिव थी और सरगर्मी के साथ आरोपी की तलाश में थी. इस बीच आज दुर्ग आरपीएफ पोस्ट की टीम ने एक आरोपी को ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से हिरासत में लिया है. जिससे पूछताछ जारी है.

Share This Article