गोल्ड गिरवी रखने का झांसा देकर आईफोन लेकर भागा युवक

फायनेंस कंपनी के कर्मचारी की शिकायत पर जुर्म दर्ज

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़. जिला मुख्यालय में स्थित श्रीराम फायनेंस गोल्ड लोन डिपार्टमेंट में कार्यरत युवती को एक युवक ने अपने झांसे में लेकर उसका आईफोन 15 प्लस मोबाईल लेकर फरार हो गया, जिसकी शिकायत पर चक्रधरनगर पुलिस ने युवक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर पतरापाली निवासी एक युवती ने गुरुवार को चक्रधरनगर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह श्रीराम फायनेंस में गोल्ड लोन डिपार्टमेंट में काम करती है। 03 जनवरी को उनकी कंपनी से जुड़ा हुआ एक पुराना ग्राहक सुदामा प्रधान पिता भरत प्रधान ग्राम महलोई निवासी उसके ऑफिस आया और बताया कि वह अपने घर के सोने का कुछ जेवर अपने परिचय की दीदी के यहां गिरवी रखा हुआ है। जिसे वह दोबारा श्रीराम फायनेंस कंपनी में गिरवी रखना चाहता है। साथ ही पीडि़ता ने बताया कि सुदामा प्रधान की बातों में आकर वह अपने सहयोगी के साथ पंजरी प्लांट के पास स्थित एक घर के पास पहुंची जहां सुदामा प्रधान बोला कि यही घर है जहां सोने के जेवर गिरवी है। साथ ही पीडि़ता ने यह भी बतायी कि दौरान सुदामा प्रधान उससे बोला कि अपना मोबाईल फोन दो जिसमें मै जेवर का फोटो खींचकर लाता हूं। जिसके बाद पीडि़ता ने अपना आईफोन मोबाईल सुदामा को दे दिया। ऐसे में सुदामा ने आईफोन लेकर उस घर के अंदर पहुंचा और फिर पीछे मुडकऱ भागने लगा। सुदामा को भागते देख वे लोग भी अंदर घुसे तो घर की महिला उनसे पूछने लगी कि आप लोग कौन हो हमारे घर के अंदर क्यों घुस रहे हो तब उन्हें आईफोन 15 प्लस मोबाईल चोरी चले जाने का एहसास हुआ।
ऐसे में युवती ने काफी खोजबीन करने के बावजूद जब सुदामा प्रधान का कहीं पता नहीं चला तो उसने उक्त मामले की शिकायत चक्रधर नगर थाने में की है, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 303 (2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है।

Share This Article