आदिवासी नेता से अपराध करवाकर मास्टरमाइंड पीछे बैठा रहा-नितिन नबीन

छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी ने पूर्व सीएम बघेल पर साधा निशाना

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। तो क्या अब भूपेश बघेल भी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे? ये सवाल छत्तीसगढ़ की राजनीतिक चर्चाओं में खूब सुनाई दे रहा है। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने इसी से जुड़ा बयान भी दे डाला। इशारों-इशारों में वो बघेल पर एक्शन की बात करते दिखे। दूसरी तरफ कांग्रेस कवासी लखमा पर हुई कार्रवाई से नाखुश हैं, कांग्रेस नेताओं के बयान भी सामने आ रहे हैं। बघेल ने दिल्ली जाकर इस मामले में पीसी की, केंद्र और राज्य सरकार पर आरोप लगाए।
नितिन नबीन ने भूपेश बघेल को लेकर कहा की एक आदिवासी से अपराध करवा दिया गया, मास्टरमाइंड पीछे बैठकर देखता रहा, भूपेश बघेज आपने जिस प्रकार से एक आदिवासी नेता को मोहरा बनाकर यूज किया ये दिखता है कि आदिवासियों के प्रति आपकी सोच क्या है। मगर बघेल जी आप बचिएगा नहीं, इस अपराध का जो असली जनक है, कानून वहां भी पहुंचेगा।
नबीन ने कहा कि कानून इतना मजबूत है कि उस मास्टरमाइंड को भी ढूंढ निकालेगा। मास्टरमाइंड कतई नहीं बचेगा। बघेल यह अच्छी तरह समझ लें कि शराब घोटाले में संलिप्त कोई भी आरोपी बिल्कुल नहीं बचेगा, चाहे वह कोई भी हो। कांग्रेस आरोप लगा रही है कि भाजपा की सरकारें सेंट्रल एजेंसी का गलत इस्तेमाल कर रही है। इसके जवाब में नबीन बोले- 2 हजार करोड़ रुपए का शराब घोटाला कांग्रेस शासन के समय ही तो सामने आया था और केंद्रीय एजेंसियां कई बार तो उनके पास भी रही हैं। विभिन्न राज्य सरकारों में जांच एजेंसियां रही हैं।
डॉ रमन सिंह की सरकार जाने के बाद भूपेश बघेल खूब शेखी बघारते रहे कि हम यह करेंगे, वह करेंगे, लेकिन 5 साल तक सरकार में रहते हुए वह क्यों कुछ नहीं कर पाए? उनके पास भी स्थानीय स्तर पर जांच एजेंसियां थी, लेकिन उनके पास तथ्य नहीं थे और आज तथ्य हैं, इसलिए घोटालों में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई हो रही है।

Share This Article