जयंती पर याद किए गए दानवीर सेठ किरोड़ीमल

छोटे से कस्बे को भव्य शहर बनाकर रायगढ़ को दी राष्ट्रीय स्तर की पहचान

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। एक छोटे से कस्बे को भव्य शहर बनाकर रायगढ़ को राष्ट्रीय स्तर की पहचान बनाने वाले दानवीर सेठ किरोड़ीमल जी की 133वीं जयंती को शहरवासियों ने धूमधाम से मनाई। सेठ किरोड़ीमल की जयंती के अवसर पर आज अपरान्ह उनकी समाधी स्थल पर धार्मिक कार्यक्रम हुए तो वहीं उनके नाम से स्थित चौक पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
वर्तमान में हरियाणा प्रांत के भिवानी के पास लुहारी गांव में एक समान्य परिवार में 1892 में जन्मे सेठ किरोड़ीमल जी युवा अवस्था में रायगढ़ आए। जब वे रायगढ़ आए थे, तब रायगढ़ एक छोटे से कस्बे के रूप में था। उन्होंने अथाह प्रयास कर रायगढ़ को एक सुव्यवथित शहर बनाने का सपना संजोया और उसे क्रमश: साकार करते गए। रायगढ़ में अस्पताल, स्कूल, कालेज, पालिटेक्निक कालेज, महिला चिकित्सालय, नेत्र चिकित्सालय, कर्मचारियों के लिए व्यवस्थित कालोनियोंं का निर्माण उस दौर में कराया जब शायद ही रायगढ़ में पक्के मकान हुआ करते थे। उन्होंने चार मंजिला स्कूल व ऐसे पालिटेक्निक कालेज भवन का निर्माण कराया जो अविभाजित मध्यप्रदेश में कहीं नहीं था। ऐसे दानवीर सेठ किरोड़ीमल ने स्वास्थ्य, शिक्षा व धर्म के प्रति अपनी भावनाओं को साकार करने में कहीं कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने गौरीशंकर मंदिर का निर्माण कराया, यह मंदिर आज भी पूरे प्रदेश में काफी लोकप्रिय माना जाता है। गौरीशंकर मंदिर में जन्माष्टमी उत्सव इतनी धूमधाम से मनाया जाता था कि इसकी प्रशंसा अंचल के हर हिस्सों में होती थी। साथ ही लोग जन्माष्टमी उत्सव में शामिल होने अविभाजित मध्यप्रदेश के कई इलाकों से रायगढ़ आते थे, जन्माष्टमी मेला उत्सव में रायगढ़ श्रद्धालुओं से पटा रहता था। ऐसे दानवीर सेठ किरोड़ीमल की 133वीं जयंती पर आज रायगढ़ वासियों ने जुटमिल क्षेत्र स्थित उनकी समाधी स्थल पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और सुंदरकांड का पाठ कराया गया। यह धार्मिक कार्यक्रम सुबह 11.30 बजे से शुरू हुआ तदुपरांत ढिमरापुर-जगतपुर मार्ग पर सेठ किरोड़ीमल चौक में स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्र्यापण किया गया और बच्चों को बिस्किट व प्रसाद के रूप में अन्य सामाग्री वितरित की गई। इस दौरान रमेश मोडा, राजेश मोडा, एकता मोडा, कुहु मोडा, कांग्रेस नेता संतोष राय, समाजसेवी मुकेश मित्तल, पार्षद महेश कंकरवाल, पूर्व निगम सभापति सुरेश गोयल, राजेश भारद्वाज, सुनील गुप्ता, विक्की महराज, राहुल शर्मा, सोनी अग्रवाल, रामलाल सांवडिया, दिनेश शर्मा, विनोद शर्मा व पंडा जी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

दानवीरता के ऋणी रहेंगे रायगढ़वासी- ओपी

आधुनिक रायगढ़ के शिल्पकार स्वर्गीय सेठ किरोड़ीमल जी की जयंती पर पुण्य स्मरण करते हुए विधायक रायगढ़ वित्त मंत्री ओपी ने कहा उनकी दानवीरता के लिए रायगढ़वासी सदैव ऋणी रहेंगे। रायगढ़ के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

Share This Article