अविनाश एलिगेंस की सेंटरिंग गिरी, दो मजदूरों की मौत

6 को कराया गया भर्ती, सीएम ने जताया दुख

Gupta Lochan
3 Min Read

रायपुर। बीआईपी रोड स्थित अविनाश एलिगेंस की निर्माणाधीन 8 मंजिला इमारत की सेंटरिंग गिर गई। हादसे में दो मजदूरों की दबकर मौत हो गई। वहीं, मलबे में दबने से 6 मजदूर घायल हो गये, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद कलेक्टर गौरव कुमार और एसएसपी लाल उमेद सिंह मौके पर पहुंचे। घायलों को मलबे से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दु:ख जताया हैं। सीएम ने कहा, राजधानी रायपुर में निर्माणाधीन इमारत के गिरने से 2 लोगों की मृत्यु और कई अन्य लोगों के घायल होने का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही उच्चाधिकारियों को राहत और बचाव कार्य हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं। घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्य जारी है और स्थिति की सतत निगरानी भी की जा रही है। ईश्वर से घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने व दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ। जानकारी के मुताबिक, तेलीबांधा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड़ पर अविनाश एलिगेंस नाम से एक इमारत बनाई जा रही है। रोज की तरह आज भी काम चल रहा था। इमारत की आठ मंजिला छत पर मजदूरों द्वारा सेंटरिंग और लोहे का स्टैंड लगाकर ढलाई किया जा रहा था। इसी दौरान छत पर लगा सेंटरिंग मजदूरों पर गिर गया और मलबे के नीचे कुछ मजदूर दब गये। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और जिला कलेक्टर गौरव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने मलबे से दबे मजदूरों को निकाला। हादसे में दो मजूदरों की मौत हो गई है। वहीं, 6 मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर कलेक्टर गौरव कुमार और रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह पहुंचे हुये है। कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि मामले में जो भी दोषी है उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। मलबा हटाने का काम जारी है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Share This Article