रायगढ़। जिले में ओडिशा से एक पालतू हाथी पहुंच गया है। हाथी का नाम राजू बताया जा रहा है। वह तमनार रेंज के गौरबहरी गांव की बस्ती तक आ गया है। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे देखने पहुंच रहे हैं। कुछ लोग उसके काफी करीब जाने की कोशिश भी कर रहे हैं। वन विभाग लोगों को उससे दूर रहने की समझाइश दे रहा है। बताया जा रहा है कि हाथी अपने महावत से बिछडक़र ओडिशा के जंगल से भटकते हुए छत्तीसगढ़ पहुंचा है। ओडिशा के वनकर्मियों ने उसे केला खिलाने का लालच देकर छत्तीसगढ़ की सीमा में छोड़ा था। इसके बाद वह रायगढ़ वन मंडल के तमनार रेंज स्थित गौरबहरी बस्ती पहुंच गया।
गौरबहरी बस्ती से निकलने के बाद हाथी अमलीडोडा रोड की ओर बढ़ गया है। वन विभाग की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है, ताकि हाथी किसी आबादी वाले इलाके में न पहुंचे और न ही किसी तरह की अनहोनी हो। वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथी के करीब नहीं जाने और उसे परेशान नहीं करने की अपील की है।
ओडिशा के जंगल से भटककर रायगढ़ पहुंचा हाथी
केला खिलाकर छत्तीसगढ़ सीमा में छोड़ा, गौरबहरी बस्ती में देखने उमड़ी भीड़, वन विभाग ने किया अलर्ट


