धरमजयगढ़ में ठेकेदार की मनमानी, नाली निर्माण के नाम पर अव्यवस्थित छोड़ा मुख्य मार्ग, अधिकारी बेबस!

Lochan Gupta
3 Min Read

धरमजयगढ़। जिले में सडक़ निर्माण कार्यों में लेटलतीफी को लेकर ‘श्री जी इन्फ्रास्ट्रक्चर’ का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा है कि धरमजयगढ़ नगर में भी निर्माण कार्यों में भारी लापरवाही और ठेकेदार की मनमानी का मामला सामने आ गया है। नगर के पत्थलगांव मार्ग पर नाली निर्माण के नाम पर सडक़ किनारे खुदाई कर पिछले करीब एक महीने से काम बंद कर दिया गया है, जिससे आम नागरिकों का जीना मुहाल हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित ठेकेदार द्वारा नाली निर्माण का हवाला देते हुए त्योहार के समय मुख्य मार्ग के किनारे जेसीबी से खुदाई कर दी गई। आरोप है कि निर्माण की जद में आने का हवाला देकर कई लोगों के मकान और दुकानों के हिस्से भी तोड़ दिए गए। लेकिन, खुदाई और तोडफ़ोड़ के बाद से ठेकेदार ने काम पूरी तरह बंद कर दिया है।

धूल के गुबार और जाम से जूझ रहे राहगीर

धरमजयगढ़ नगर क्षेत्र अंतर्गत बाजारपारा में पत्थलगांव मुख्य मार्ग पर अधूरे पड़े काम और मिट्टी के ढेर के कारण आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। भारी वाहनों की आवाजाही से दिनभर धूल का गुबार उड़ता रहता है, जिससे राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को सांस लेने में तकलीफ और बीमारियों का डर सता रहा है। नगर के मुख्य मार्ग को छोड़ दें, तो अन्य आंतरिक सडक़ों की हालत भी पहले से ही जर्जर बनी हुई है।

अधिकारी और जनप्रतिनिधियों की भी नहीं सुन रहे ठेकेदार

इस पूरे मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग के स्थानीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ठेकेदार की मनमानी के आगे विभागीय अधिकारी पूरी तरह बेबस नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा मामले में हस्तक्षेप किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं हो सका है।
एक महीने से मेन रोड पर बनी अव्यवस्था को लेकर नगरवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाली निर्माण कार्य पूरा कराया जाए, ताकि धूल और जाम की समस्या से निजात मिल सके।

Share This Article