खरसिया। खरसिया में 15 दिनों के भीतर चार चोरी की घटनाओं के बाद व्यापारियों में व्याप्त असुरक्षा के बीच छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने पुलिस से रात्रिकालीन गश्त तेज करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर नगर की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
ज्ञापन में अंजोरीपाली की किराना दुकान, स्टेट बैंक के समीप से संजय अग्रवाल की स्कूटर चोरी, तथा नरेश ट्रेडर्स और विनय एजेंसी में हुई रात्रिकालीन चोरियों का प्रमुखता से उल्लेख किया गया है। व्यापारियों के मुताबिक, ठंड के कारण अधिकांश प्रतिष्ठान रात 8 बजे तक बंद हो जाते हैं और रात 10.30 बजे के बाद आवाजाही घटने से संदिग्ध गिरोहों को वारदात करने का अवसर मिल रहा है। चेम्बर पदाधिकारियों ने एसडीओपी के पदभार संभालने के बाद कानून-व्यवस्था और रात्रि गश्त के प्रयासों को सराहनीय बताया, लेकिन बढ़ते अपराधों पर प्रभावी रोक की आवश्यकता जताई।
अंकुश और निगरानी गश्त की मांग
चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। नगर में सक्रिय चोर गिरोहों के विरुद्ध ठोस व सख्त कार्रवाई की जाए। व्यापारिक क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर रात्रिकालीन गश्त तथा सतत निगरानी बढ़ाई जाए।
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद अब सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं, ताकि व्यापारियों और नागरिकों में सुरक्षा के प्रति विश्वास बहाल हो सके।
खरसिया में बेलगाम चोर गिरोह!, पखवाड़े भर में चार वारदात, व्यापारियों में दहशत
चेम्बर प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग


