धरमजयगढ़। वन्यजीव संरक्षण को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता की स्थिति पैदा हो गई है। वन मंडल क्षेत्र के अंतर्गत महज 24 घंटे के भीतर दो नर हाथियों की मौत हो गई है। जहां एक ओर छाल रेंज में बीमार हाथी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, वहीं दूसरी ओर धरमजयगढ़ परिक्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक हाथी की मौत के बाद जांच तेज कर दी गई है।
छाल रेंज के बनहर जंगल में एक नर हाथी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहा था। शुक्रवार को वन विभाग की टीम और पशु चिकित्सकों ने मौके पर पहुंचकर बीमार हाथी का उपचार शुरू किया था। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद शनिवार देर शाम गजराज की मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, यह हाथी बेहद शांत स्वभाव का था और आसपास के लोगों से काफी घुल-मिल गया था। वनमंडल धरमजयगढ़ के अंतर्गत ग्राम बरतापाली के जंगल में मिले नर हाथी के शव के मामले में वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्निफर डॉग (डॉग स्क्वाड) की मदद से महज 24 घंटे के भीतर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी ग्राम नवागांव के निवासी हैं।
डॉग स्क्वाड के सुराग से आरोपियों तक पहुंची टीम
वन विभाग से मिली पुष्ट जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को धरमजयगढ़ परिक्षेत्र के ग्राम बरतापाली स्थित कक्ष क्रमांक 437 में एक नर हाथी का शव बरामद हुआ था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वनमंडलाधिकारी के निर्देशन में विभाग की टीम ने डॉग स्क्वाड की मदद से मौके पर सघन तलाशी और जांच अभियान चलाया। स्निफर डॉग से मिले अहम सुरागों का पीछा करते हुए वन अमले ने संदिग्धों को धर दबोचा।
इनकी हुई गिरफ्तारी
वन विभाग द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ग्राम नवागांव निवासी अजय भगत पिता घनानंद भगत (28 वर्ष), जयानंद भगत पिता दुर्योधन भगत (47 वर्ष), राम दयाल पिता चिंताराम सिदार (38 वर्ष), भगवानो भगत पिता मंगलू भगत ( 50 वर्ष)। वन विभाग की टीम द्वारा सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। चारों आरोपियों को 29 नवंबर को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।


