रायगढ़। युवती से छेडख़ानी करने और उसकी फोटो मोबाइल स्टेटस पर डालकर बदनाम करने के आरोप में महिला थाना पुलिस ने 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान अजीत मालाकार, पिता नानू राम मालाकार, निवासी ग्राम सेमरा, पुसौर और वर्तमान पता चांदमारी, रायगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय पीडि़ता ने 27 नवंबर को महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले उसकी अजीत मालाकार से जान-पहचान हुई थी और दोनों के बीच बातचीत होती थी। इसकी जानकारी परिजनों को मिलने के बाद उसने आरोपी से दूरी बना ली थी। इसके बावजूद आरोपी लगातार फोन कर उसे परेशान कर रहा था। शिकायत के मुताबिक, 4 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे आरोपी युवती के घर पहुंचा। बातचीत नहीं करने पर उसे बदनाम करने की धमकी दी और गलत नीयत से उसका हाथ एवं बांह पकडक़र छेडख़ानी की। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी फोटो अपने मोबाइल स्टेटस पर लगाकर उसे बदनाम करने का प्रयास किया।
लिखित शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 105/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78(1)(द्बद्ब) और 74 में मामला दर्ज किया गया। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसके घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि महिलाओं से संबंधित अपराधों की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है तथा परेशान करने, धमकी देने या निजता और सम्मान को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
युवती से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार, फोटो स्टेटस पर डाल कर बदनाम करने की साजिश


