रायपुर। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की कार शुक्रवार को खरोरा के पास हादसे का शिकार हो गई। वे बलौदाबाजार में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायपुर लौट रही थीं। सांसद का बायां हाथ फ्रैक्चर हुआ है। कार में उनके बेटे, गनमैन और ड्राइवर भी मौजूद थे। ड्राइवर को भी सीने पर चोट लगी है। सांसद को रायपुर एम्स के प्राइवेट वार्ड में भर्ती कराया गया है।
सांसद की कार दुर्घटना से कुछ देर पहले इसी मार्ग पर एक अन्य सडक़ हादसा भी हुआ था। रायपुर से खरोरा जा रही कार की खरोरा से रायपुर आ रहे ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में भी कई लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। दुर्घटनाओं की जानकारी मिलने पर खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों घटनाओं के कारणों का पता लगा रही है। इसके लिए हादसे में शामिल वाहनों और घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सडक़ हादसे में घायल, बायां हाथ फ्रैक्चर, गनमैन-ड्राइवर को भी चोट
एम्स में भर्ती, बलौदाबाजार से रायपुर लौट रही थीं


