रायगढ़। बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन का कार्य अब अंतिम चरण पर चल रहा है, इसके चलते दिसंबर माह के शुरूआत में चांपा स्टेशन में नॉन इंटरलाकिंग कार्य होना है, इसके चलते कई ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है तो कुछ ट्रेनों को विलंब से रवाना किया जाएगा, ऐसे में इन तिथियों में सफर करने वाले यात्रियों को फिर से परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा रेल अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए परियोजनाओं को तेजी से कार्य किया जा रहा है। इस दौरान बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसके पूर्ण होने से बढ़ते यात्री एवं माल यातायात का बेहतर प्रबंधन संभव होगा, इससे ट्रेनों का सुचारु एवं समयबद्ध परिचालन भी होगा। साथ ही, भविष्य में नई यात्री ट्रेनों के लिए अतिरिक्त रेल मार्ग भी उपलब्ध हो सकेगा। इस परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने के उद्देश्य से बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन के चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोडऩे के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाना है। इसके अतिरिक्त, चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं प्रभावी बनाने के लिए ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित किया जाएगा। इन कार्यों के लिए 6 से 18 दिसंबर तक कुछ यात्री ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रद्द किया गया है तो कुछ ट्रेनों को देरी से रवाना करने का निर्णय लिया गया है। इससे इन तिथियों में सफर करने वाले यात्रियों को एक बार फिर से परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ये ट्रेने रहेंगी रद्द
नॉन इंटरलाकिंग के चलते रद्द होने वाली ट्रेनों में 6 से 17 दिसंबर तक बिलासपुर से रायगढ़ मेमू पैसेंजर तो 7 से 18 दिसंबर तक रायगढ़-बिलासपुर मेमू रद्द रहेगी। इसी तरह 6 से 17 दिसंबर तक रायपुर से चलने वाली रायपुर गेवरारोड मेमू पेसेंजर व 7 से 18 दिसंबर तक गेवरारोड-रायपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी। इसके साथ ही 6 से 18 दिसंबर तक रायपुर-कोरबा व कोरबा-रायपुर, बिलासपुर-गेवरारोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
ये ट्रेने बीच में होगी समाप्त
बीच में समाप्त होने वाली ट्रेनों में 07 से 18 दिसम्बर तक ट्रेन नंबर 68861/ 68862 गोंदिया-झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन में समाप्त होगी इससे झारसुगुड़ा-बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच रद्द रहेगी। साथ ही 10 व 12 दिसंबर को निजामुद्दीन से चलने वाली निजामुद्दीन-रायगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस बिलासपुर स्टेशन में समाप्त होगी तथा बिलासपुर-रायगढ़ के बीच रद्द रहेगी। इसी तरह 12 व 14 दिसंबर को रायगढ़ से चलने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस बिलासपुर स्टेशन से शुरू होगी और रायगढ़-बिलासपुर के बीच रद्द रहेगी। इसके आलावा साथ ही 7 से 18 दिसंबर तक छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस बिलासपुर स्टेशन से प्रारंभ होगी और कोरबा-बिलासपुर के बीच रद्द रहेगी। 6 से 17 दिसंबर तक विशाखापटनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस बिलासपुर स्टेशन में समाप्त होगी। इसके अलावा कई और ट्रेने प्रभावित रहेगी।
ये ट्रेने देरी से होगी रवाना
देरी से चलने वाली ट्रेनों में 10 से 14 दिसम्बर पुणे-हावड़ा आजाद हिन्द एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 03 घंटे देरी से रवाना होगी। 10 से 14 दिसम्बर तक सीएसएमटी से चलने वाली 12809 सीएसएमटी-हावड़ा एक्सप्रेस 02 घंटे 30 मिनट देरी से रवाना होगी। 11 से 15 दिसम्बर तक गोंदिया-रायगढ़ जनशताब्दी एक्सप्रेस 02 घंटे देरी से चलेगी। 11 से 15 दिसम्बर तक रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस 2 घंटे देरी से रवाना होगी। इसके साथ ही 10 से 12 दिसम्बर तक गाड़ी संख्या 18478 योग नगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 9 घंटे देरी से तथा 12 से 14 दिसम्बर तक गाड़ी संख्या 18477 पुरी-योग नगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस 7 घंटे देरी से रवाना होगी। साथ ही 11 व 12 दिसम्बर को एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस 3 घंटे 15 मिनट तो 14 दिसम्बर को भुवनेश्वर-एलटीटी एक्सप्रेस 4 घंटे 15 मिनट देरी से चलेगी होगी। 15 दिसम्बर को पुरी-एलटीटी एक्सप्रेस 4 घंटे 30 मिनट तो 13, 14 व 15 दिसम्बर को विशाखापटनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस 1 घंटे देरी से रवाना होगी।


