रायगढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर गांजा तस्करी में संलिप्त 4 युवकों एवं एक अपचारी बालक सहित कुल 5 लोगों को पकड़ा है। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दो प्रकरण एनडीपीएस एक्ट के बनाये गये हैं, दोनों कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से कुल 25.175 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 92 हजार रुपये है, तथा तीन मोबाइल फोन कीमत करीब 90 हजार रुपये, इस प्रकार कुल 5 लाख 82 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे ओडिशा के संबलपुर से गांजा खरीदकर ट्रेन से रायगढ़ पहुंचे थे और यहां से पुणे (महाराष्ट्र) जाने की तैयारी में थे। रास्ते के खर्च की व्यवस्था करने के लिए रेलवे स्टेशन के बाहर ही गांजा बेचने के फिराक में थे।
पहली कार्रवाई में 20.434 किलो गांजा बरामद
20 नवंबर को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग के पास शिव मंदिर के बगल में पीपल के पेड़ के नीचे चबूतरे पर तीन व्यक्ति बैग एवं ट्रॉली बैग में गांजा रखकर बैठे हैं। इससे पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अमोल बबन धोत्रे (29 वर्ष), निवासी वरवंड गोपीनाथ नगर, जिला पुणे, सागर लक्ष्मण गायकवाड़ (18 वर्ष), निवासी सिंहमड रोड, किरकटवाड़ी, जिला पुणे तथा शुभम नंदू गुंजाल (23 वर्ष), निवासी जुनादत्तावाड़ी रोड, जिला पुणे (महाराष्ट्र) बताया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 20 पैकेट में रखा 20.434 किलोग्राम गांजा, कीमत करीब 4 लाख रुपये तथा तीन मोबाइल फोन 80 हजार रूपये (आईफोन, रेडमी एवं ओप्पो) बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संबलपुर से गांजा लेकर ट्रेन से रायगढ़ पहुंचे थे और पुणे वापस जाने के लिए रेलवे स्टेशन के बाहर ग्राहक तलाश रहे थे।
दूसरी कार्रवाई में 4.741 किलो गांजा के साथ दो पकड़े गए
पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास दो व्यक्ति बैग में गांजा रखकर कहीं जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में एक ने अपना नाम इम्तियाज रफिक ईनामदार (21 वर्ष), निवासी चाकन मानिक चौक, जिला पुणे (महाराष्ट्र) बताया, जबकि दूसरा 16 वर्ष 2 माह का अपचारी बालक निकला। तलाशी के दौरान इम्तियाज के बैग से पांच पैकेट में रखा 4.741 किलोग्राम गांजा, कीमत करीब 92 हजार रुपये तथा एक इनफिनिक्स मोबाइल फोन, कीमत करीब 10 हजार रुपये बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ ओडिशा से गांजा खरीदकर बिक्री के लिए पुणे ले जा रहे थे। संबलपुर से ट्रेन द्वारा रायगढ़ पहुंचने के बाद पुणे जाने के लिए अन्य साधन की व्यवस्था करने के लिए स्टेशन के बाहर इंतजार कर रहे थे। दोनों मामलों में कोतवाली पुलिस ने कुल चार वयस्क आरोपियों एवं एक अपचारी बालक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। प्रकरणों में आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


