रायगढ़. धरमजयगढ़ वन मंडल के आमगांव परिसर स्थित 368 आरएफ (जूनापानी) जंगल में विचरण कर रहा 20 हाथियों का दल आज रायगढ़ रोड पार कर 367 आरएफ जंगल की ओर बढ़ गया है। इस दल में 8 नर, 8 मादा और 4 नन्हे शावक शामिल हैं। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों धरमजयगढ़ और रायगढ़ वन मंडल जंगली हाथियों का रहवास बन गया है, इससे हर हमेशा इनका दल सडक़ पार करते दिखाई देता है, वहीं शनिवार को भी एक हाथियों का दल जंगल से निकलकर रायगढ़ रोड पार करते हुए 367 आरएफ के जंगल में पहुंच गया है। इस दल में शावकों की मौजूदगी के कारण हाथियों के मूवमेंट पर विशेष नजर रखी जा रही है, बताया जाता है कि शावकों के साथ हाथी अधिक संवेदनशील होते हैं। हाथियों की संभावित आवाजाही को देखते हुए शेरवन, दर्रीडीह, ओंगना, पोटिया और खलबोरा गांव के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। साथ ही वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल की ओर जाने से बचें, हाथियों के करीब जाने या उन्हें देखने के लिए भीड़ न लगाएं और उन्हें परेशान न करें। वन विभाग एवं हाथी मित्र दल द्वारा हाथियों की गतिविधियों पर निरंतर नजर रखी जा रही है, ताकि ग्रामीणों और हाथियों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
20 हाथियों का दल रायगढ़ रोड पार कर जंगल की ओर बढ़ा
शावकों की मौजूदगी से ग्रामीणों को सतर्कता की अपील।


