पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, एक युवक की मौत, एक गंभीर

Lochan Gupta
3 Min Read

भटगांव। नगर में शनिवार तडक़े करीब 6 बजे भीषण सडक़ हादसा हो गया। जमगहन रोड पर स्वागत गेट और ऑर्बिट कंप्यूटर के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा और छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में दो युवक सवार थे। हादसे की सूचना पर पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी 112 मौके पर पहुंची। कार में फंसे युवकों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और बिलाईगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान साहिल खान पिता अब्दुल कादिर खान के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान अरमान पिता मकबूल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि हादसे की सूचना के काफी देर बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इस दौरान घायल युवक कार के अंदर ही तड़पता रहा। लोगों ने कहा कि अगर एंबुलेंस समय पर पहुंच जाती तो शायद स्थिति कुछ और होती। आपात कालीन सेवा को मजबूत करने की मांग की गई। जमगहन रोड जगह-जगह से खराब है, गड्ढे हैं और किनारे पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। तडक़े कोहरे और खराब सडक़ के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। लोगों ने सडक़ की मरम्मत, स्पीड ब्रेकर और साइन बोर्ड लगाने की मांग की है।
पखवाड़े भर पहले ही मुखर्जी चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक वृद्ध महिला की जान ले ली थी। वहीं सिंघिचूवा रोड में ट्रैक्टर में लदे मिक्चर मशीन के ऊपर बैठे एक युवक की नीचे गिरकर दबने से मौत हो गई थी। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार, खराब सडक़ और अंधेरा हादसों की बड़ी वजह है, फिर भी ठोस व्यवस्था नहीं की। क्षेत्र में नाबालिगों द्वारा बिना लाइसेंस और बिना हेलमेट के बाइक, कार चलाने का सिल सिला बढ़ता जा रहा है,अभिभावकों की लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने पुलिस से वाहन चेकिंग अभियान चलाने और अभिभावकों को जागरूक करने की मांग की है।

Share This Article