सारंगढ़। भाजपा नेता जगन्नाथ पाणिग्रही ने धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना को लेकर प्रेस वार्ता ली। उन्होंने कहा कि छग मंत्री परिषद की बैठक ऐतिहासिक रही है, जिसमें एक साथ 19 फैसले किए गए। इनमें किसानों के कल्याण, शासकीय कर्मचारियों को कैशलेस इलाज, बिजली बिल में राहत समेत अनेक निर्णय शामिल हैं, जिसका सीधा प्रभाव जनता पर पड़ेगा। पाणिग्रही ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 26-27 में प्रदेश के किसानों से 15 नवंबर 26 से धान खरीदी की जाएगी। 27.50 लाख से अधिक किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21क्विं. प्रति एकड़ के मान से धान खरीदा जाएगा। राज्य सरकार का लक्ष्य इस वर्ष 160 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदने का है।
उन्होंने बताया कि किसान हित में बड़ा फैसला लेते हुए एग्रीस्टेक आईडी युक्त विगत वर्ष के पंजीकृत सभी कृषकों को धान विक्रय हेतु मान्य किया गया है। इन किसानों को पृथक से पंजीयन की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही ऋण पुस्तिका समिति में लाने की आवश्यकता नहीं होगी। डिजिटल क्रॉप सर्वे के द्वारा धान के रकबे का ऑनलाइननिर्धारण सुनिश्चित हुआ है। वास्तविक किसानों से खरीदी सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक आधारित धान खरीदी की जाएगी। किसानों को बेहतर व सुगम व्यवस्था देने के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए जा रहे हैं।इस वर्ष 31 सौ उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी होगी। कृषक उन्नति योजना में बड़ा बदलाव करते हुए धान फसल पर आदान सहायता राशि प्रति क्विंटल के स्थान पर प्रति एकड़ के मान से देने का निर्णय लिया गया है।
जगन्नाथ पाणिग्रही ने बताया कि यदि कोई किसान अपने पंजीकृत रकबे से प्रति एकड़ निर्धारित सीमा 21 क्विंटल से कम धान भी बेचता है, तब भी उसे पूरे बोए गए रकबे के हिसाब से 13,839 रुपये प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। इससे फसल विविधी करण, किसानों की आय व सामाजिक आर्थिक स्तर में सुधार होगा। साथ ही उन्नत बीज, उर्वरक, कीट नाशक, कृषि यंत्रीकरण और नवीन कृषि तकनीकों में निवेश को बढ़ावा मिलेगा। पाणिग्रही ने कहा कि धान बेचने के 72 घंटे के अंदर किसानों का पैसा उनके बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाएगा। खरीफ विपणन वर्ष 23- 24 में 13,289 करोड़ रुपये, 24- 25 में 11,976 करोड़ रुपये और 25-26 में 10,639 करोड़ रुपये की अंतर राशि किसानों के खातों में ट्रांसफर की गई। इस निर्णय के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। प्रेस वार्ता में हरिनाथ खुंटे, अमित अग्रवाल, निखिल वानी, अरविंद हरीप्रिया सहित अन्य भाजपाई उपस्थित रहे। वरिष्ठ पत्रकार यशवंत सिंह ठाकुर, भरत अग्रवाल, राजेश यादव, ओमकार केशरवानी भी उपस्थित रहे।
धान खरीदी को लेकर जगन्नाथ पाणिग्रही ने ली प्रेस वार्ता, कहा- मंत्रिपरिषद के 19 फैसले ऐतिहासिक


