३ महीने बंद रहेगा चांदनी चौक पुल, पैदल और बाइक चालकों के लिए बनेगा वैकल्पिक मार्ग

Lochan Gupta
3 Min Read

रायगढ़। कैनाल लिंक रोड अंडरपास निर्माण कार्य के चलते चांदनी चौक पुल आगामी तीन महीने तक आवागमन के लिए बंद रहेगा। इस दौरान नदी के एक छोर से दूसरे छोर तक जाने वाले पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की सुविधा के लिए पुल के नीचे से वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाएगा। वैकल्पिक रास्ते के निर्माण और आवागमन की व्यवस्था का जायजा लेने निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने निर्माण कार्य की प्रगति, पुल के आसपास की स्थिति और यातायात पर पडऩे वाले प्रभावों की जानकारी ली। उन्होंने ठेकेदार और साइट इंजीनियर को निर्देश दिए कि पुल बंद रहने की अवधि में पैदल राहगीरों और बाइक चालकों को अनावश्यक परेशानी न हो। इसके लिए पुल के नीचे सुरक्षित और सुविधाजनक वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाए। उन्होंने वैकल्पिक रास्ते का निर्माण प्राथमिकता से पूरा करने और निर्माण स्थल पर जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कमिश्नर ने आसपास के रहवासियों और लोगों से चर्चा कर उन्हें निर्माण कार्य की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह महत्वपूर्ण परियोजना शुरू की गई है। निर्माण के दौरान कुछ समय तक आवागमन में असुविधा हो सकती है, लेकिन काम पूरा होने के बाद नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से निर्माण कार्य में सहयोग करने की अपील की।
कैनाल लिंक रोड परियोजना के तहत जोगीडीपा चौक से चांदनी चौक होते हुए सडक़ मरीन ड्राइव तक पहुंचेगी। इसके आगे मरीन ड्राइव को सीधे उड़ीसा रोड हाईवे से जोडऩे की कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है।
इस कनेक्टिविटी के विकसित होने से रायगढ़ की आंतरिक और बाहरी यातायात व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। इससे शहर आने-जाने वाले और दूसरे शहरों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को एक हाईवे से दूसरे हाईवे तक पहुंचने के लिए शहर के भीतरी हिस्सों से गुजरने की जरूरत कम होगी। इससे यात्रा की दूरी और समय बचाने के साथ प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।

Share This Article