उगते सूरज को अर्घ्य देकर छठ का समापन, व्रतियों ने 36 घंटे का उपवास पूरा किया

Lochan Gupta
2 Min Read

रायगढ़। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन हो गया। प्रदेश में सबसे पहले रायगढ़ में सुबह 6:02 बजे सूर्योदय हुआ। इसके साथ ही व्रतियों ने सूर्य को अर्घ्य देकर अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा किया। सुबह 5 बजे से ही शहर के सभी छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी।
शहर के जूटमिल स्थित छठ घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इनमें बुजुर्ग, युवा और बच्चे भी शामिल रहे। व्रती घुटने तक पानी में खड़े होकर सूर्योदय का इंतजार कर रहे थे। सुबह 6:02 बजे सूरज निकलते ही उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अर्घ्य दिया। छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से हुई थी। दूसरे दिन खरना मनाया गया। इस दिन व्रतियों ने दिनभर उपवास रखा और शाम को पारंपरिक तरीके से खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर ग्रहण किया। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ। तीसरे दिन रविवार शाम को श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया। वहीं सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न हो गया। छठ पर्व पर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने हवन किया। पूजा-अर्चना पूरी करने के बाद सभी व्रती अपने घर लौट गए।

Share This Article