एनटीपीसी लारा में 21वीं राज्य स्तरीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप संपन्न, 61 टीमों ने लिया हिस्सा

Lochan Gupta
2 Min Read

रायगढ़ जिले के एनटीपीसी लारा स्थित मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित 21वीं सीनियर छत्तीसगढ़ राज्य अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला वर्ग)-2026 का समापन हुआ। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों और संस्थानों की कुल 61 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें 36 पुरुष और 25 महिला टीमें शामिल रहीं। खिलाडिय़ों ने प्रतियोगिता के दौरान अपने खेल कौशल और प्रदर्शन से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
समापन समारोह में एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश गगड़ा, उपाध्यक्ष अकरम खान, एनटीपीसी लारा के जीएम (प्रोजेक्ट्स) राजन कुमार श्रीवास्तव, जीएम (इंजीनियरिंग) सुष्मिता रेड्डी, जीएम (मेंटेनेंस एंड एडमिनिस्ट्रेशन) उदगिरी वी.वी.एस. श्रीनिवास राव, एजीएम (एचआर) जाकिर खान और प्रेरिता महिला समिति की अध्यक्ष रेखा ठाकुर सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के महिला वर्ग में रायपुर जिला की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एसएआई), रायपुर की टीम उपविजेता रही। पुरुष वर्ग में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, रायपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि साउथ ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे (एसईसीआर), रायपुर की टीम उपविजेता बनी।
समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाडिय़ों के खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की।
इस आयोजन के माध्यम से एनटीपीसी लारा ने क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों और संस्थानों की भागीदारी ने राज्य स्तर पर वॉलीबॉल खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया।

Share This Article