रायगढ़ में हाथियों ने 16 किसानों की फसल रौंदी, जिले में 105 हाथियों का डेरा

Lochan Gupta
3 Min Read

रायगढ़ जिले में हाथियों का झुंड किसानों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। रात के अंधेरे में हाथी खेतों में पहुंचकर धान की तैयार फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बीती रात धरमजयगढ़, छाल और लैलूंगा वन परिक्षेत्र में हाथियों ने 16 किसानों की फसल बर्बाद कर दी। सबसे ज्यादा नुकसान लैलूंगा क्षेत्र में हुआ, जहां 33 हाथियों के झुंड ने 9 किसानों के खेतों में धान की फसल को रौंद दिया। वन विभाग की टीम प्रभावित खेतों में नुकसान का आकलन कर रही है।
धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के बीजापुर गांव में हाथियों ने किसान अजीत राठिया की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। वहीं छाल वन परिक्षेत्र के खडग़ांव, हाटी और गलीमार गांव में हाथियों ने विजय साय, कंचन कुमार और कमलनाथ समेत 6 किसानों के खेतों में फसल रौंद दी। लैलूंगा वन परिक्षेत्र के जमुना, कोडामार्ड और नारायणपुर गांव में हाथियों के झुंड ने खेतों में उत्पात मचाया। यहां हिरन साय, बगनु, हराबाई, गोमती सिदार, धरन साय, बूटू लकड़ा और नुकुल लकड़ा समेत 9 किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा है। इस क्षेत्र में 33 हाथियों का झुंड सक्रिय है। रात के समय हाथियों को खेतों से दूर भगाने का प्रयास किया जाता है, लेकिन कई बार वे देर रात तक खेतों में ही मौजूद रहते हैं।
सुबह वन विभाग के कर्मचारी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर फसल नुकसान का आकलन कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाथियों ने कई एकड़ में धान की फसल बर्बाद की है। नुकसान का आकलन और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में कुल 96 हाथी मौजूद हैं। इनमें 33 नर, 51 मादा और 12 शावक शामिल हैं। वहीं रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र में 9 हाथियों का दल है, जिसमें 3 नर, 2 मादा और 4 शावक हैं। इस तरह जिले में कुल 105 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इनमें 36 नर, 53 मादा और 16 शावक शामिल हैं।

Share This Article