रायगढ़। जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो गई है। पहले दिन 2 किसानों ने 638 क्विंटल धान बेचा। वहीं सोमवार को 51 किसानों से 1,868.40 क्विंटल धान खरीदा गया। इस तरह पहले दो दिनों में कुल 53 किसानों से 2,506.40 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। वहीं, 17 नवंबर के लिए 55 किसानों को 3,374.40 क्विंटल धान बेचने के टोकन जारी किए गए हैं।
धान खरीदी के दूसरे दिन सोमवार को कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने धान खरीदी की व्यवस्था देखने के लिए पटेलपाली और गढ़उमरिया उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों में की गई तैयारियों की जानकारी ली और अधिकारियों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान बेचने आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने केंद्रों में पीने का पानी, बैठने की व्यवस्था, छांव, बारदाना और धान तौलने की सुविधा रखने को कहा। साथ ही धान को सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए। इस साल जिले की 79 समितियों के 112 उपार्जन केंद्रों में 84 हजार 501 किसानों से धान खरीदा जाएगा। इन किसानों का कुल पंजीकृत रकबा 1,21,690.325 हेक्टेयर है। पिछले साल जिले की 69 समितियों के 105 केंद्रों में धान खरीदा गया था। इस बार 10 समितियां और 7 उपार्जन केंद्र बढ़ाए गए हैं।
अवैध धान परिवहन पर रहेगी निगरानी
अवैध धान की आवक रोकने के लिए जिले में 20 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। यहां तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके अलावा जिले की सभी 10 तहसीलों में उडऩदस्ता दल भी बनाए गए हैं। प्रशासन की नजर कोचियों-बिचौलियों और अवैध रूप से धान के परिवहन व भंडारण पर रहेगी। गड़बड़ी मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियम के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए तुंहर टोकन मोबाइल एप के जरिए 24 घंटे टोकन लेने की व्यवस्था की गई है। किसान ओटीपी के जरिए रजिस्ट्रेशन करने के बाद एप से घर बैठे टोकन ले सकते हैं। इसके अलावा समितियों में भी टोकन जारी किए जा रहे हैं। इससे किसानों को टोकन लेने के लिए समितियों में लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा।


