रायगढ़। लालखदान स्थित संत नगर के पास सोमवार को सडक़ किनारे एक युवक की लाश मिली। मृतक की पहचान रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी उत्तम कुमार गुप्ता (29) के रूप में हुई है। वह बिलासपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। शुरुआती जांच में पुलिस को जहर पीकर खुदकुशी करने की आशंका है। हालांकि, मौत की असल वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। बताया जा रहा है कि उत्तम रविवार सुबह अपने कमरे से निकला था। इसके बाद सोमवार को उसका शव मिला। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, उत्तम कुमार बिलासपुर के दयालबंद में अपने एक दोस्त के साथ किराए के मकान में रहता था। सोमवार को उसका शव लालखदान के संत नगर के पास सडक़ किनारे मिला। युवक की लाश देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। युवक की मौत की खबर मिलने पर घरघोड़ा से उसके परिजन भी बिलासपुर पहुंचे। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि उत्तम ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर खुदकुशी की है। हालांकि, उसने जहर कहां और किन हालात में पिया, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस उसके दोस्त और परिचितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही किराए के मकान से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस मौत की वजह और घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी है।


